हरियाणा के सोनीपत तक पहुंचेगी मेट्रो, येलो लाइन के विस्तार की योजना को मिली हरी झंडी

सोनीपत | हरियाणा के लिए मेट्रो से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. सोनीपत- दिल्ली के बीच सफर करने वाले लोगों को बहुत जल्द मेट्रो (Metro) की सौगात मिलने जा रही है. आवास और शहरी कार्य मंत्रालय ने दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन को समयपुर बादली से सोनीपत तक बढ़ाने को अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है. इस प्रोजेक्ट के तहत, नाथुपुर के रास्ते सोनीपत तक मेट्रो का विस्तार किया जाएगा.

Metro

केंद्रीय मंत्री ने की पुष्टि

इस मंजूरी के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) अब इस मेट्रो प्रोजेक्ट विस्तार के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का काम शुरू कर सकता है. केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सरकार ने समयपुर बादली से नरेला तक येलो लाइन के विस्तार को मंजूरी प्रदान कर दी है.

सोनीपत तक पहुंचेगी मेट्रो

देश की सबसे व्यस्त और विश्वसनीय तीव्र परिवहन सेवाओं में से एक दिल्ली मेट्रो अपने विस्तार की नई योजना के तहत हरियाणा के सोनीपत तक पहुंचेगी. इस प्रोजेक्ट की बदौलत न केवल दिल्ली- सोनीपत के बीच सफर आसान होगा, बल्कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के अन्य हिस्सों को भी एकीकृत करने में भी मदद मिलेगी. अब इस प्रोजेक्ट की DPR तैयार होगी, जो परियोजना के वित्तीय और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत रिपोर्ट होगी. इसके आधार पर आगे के कदम तय किए जाएंगे.

यह भी पढ़े -  दिल्ली जल बोर्ड का बड़ा फैसला, पानी की सप्लाई को लेकर बनेगी नई नीति

दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन

दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन 47.2 किलोमीटर लंबी है और यह समयपुर बादली से लेकर गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर तक फैली हुई है. इस लाइन पर 37 स्टेशन हैं और यह 8 इंटरचेंज पॉइंट्स प्रदान करती है, जिससे NCR के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच आसान होती है.

दिल्ली मेट्रो अब एक और नए कॉरिडोर पर काम कर रही है, जिसकी लंबाई 26.5 किलोमीटर होगी. इसमें 21 स्टेशन होंगे. यह लाइन रिठाला से नाथुपुर तक जाएगी और रास्ते में रोहिणी, बवाना और नरेला जैसे क्षेत्रों को कवर करेगी. रिठाला, रोहिणी सेक्टर-  25, 26, 31, बवाना, नरेला और नाथुपुर इस कॉरिडोर के प्रमुख स्टेशन होंगे. इस परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली के बाहरी इलाकों और सोनीपत के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत हो जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.