कैथल | हरियाणा के कैथल जिले (Kaithal District) के राजौंद में एक अनोखी शादी हुई, जिसकी हर जगह चर्चा हो रही है. दरअसल, पुलिस विभाग में कार्यरत दूल्हे अरविंद ने शगुन के तौर पर अपनी शादी में केवल ₹1 और एक नारियल स्वीकार किया. इस अनोखी शादी को देखकर अब हर कोई हैरान है और दूल्हे के इस फैसले की तारीफ कर रहा है. लोग कह रहे हैं कि यदि ऐसी शादियां होने लगें तो लोग बेटियों को बोझ समझना बंद कर देंगे. इस प्रकार की शादियां समाज में बदलाव की शुरुआत करती हैं.
दहेज प्रथा के खिलाफ अनोखी पहल
गांव नन्द करण माजरा के युवक अरविंद ने गांव नैना की एमएससी पास युवती अनु के साथ विवाह किया. अरविंद ने शादी में शगुन के तौर पर दहेज लेने से इनकार करते हुए केवल ₹1 और नारियल लेकर एक मिसाल कायम की है. बता दें कि अरविंद गांव के शहीद भगत सिंह संगठन से जुड़ा हुआ है और वह शुरू से ही लड़कियों को उच्च शिक्षा देने का समर्थक रहा है. इसके अलावा, दहेज प्रथा, भ्रूण हत्या और नशे जैसी बुराइयों का वह कड़ा विरोधी रहा है.
ससुराल पक्ष ने भी मानी दूल्हे की बात
दूल्हे बने अरविंद ने बताया कि उसका विवाह एक उच्च शिक्षित युवती से हो रहा है, जो उसके लिए सबसे बड़ा दहेज है. दूल्हे के पिता और पूर्व सरपंच पालाराम भी इस बात से सहमत थे. ससुराल पक्ष ने भी दामाद की इच्छा का सम्मान किया और सादगी से अरविंद और अनु का विवाह संपन्न हो गया. इस दौरान नव दंपति को आशीर्वाद देने के लिए पूर्व मंत्री रामपाल माजरा और कांग्रेस नेत्री श्वेता ढुल्ल भी पहुंची थीं.
