नई दिल्ली, CBSE 10th- 12th | देशभर के लाखों विद्यार्थी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित हुई 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के बाद अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं. विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षक और अभिभावक भी खबरों पर टकटकी लगाए बैठे हैं कि कब 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे घोषित किए जाएंगे.
लाखों विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा
बोर्ड द्वारा 10वीं की परीक्षाओं का आयोजन 15 फरवरी 2025 से 18 मार्च 2025 के बीच करवाया गया था. इसी प्रकार 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी 2025 से 4 अप्रैल 2025 तक आयोजित हुई थीं. कुल 44 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने 10वीं की परीक्षाओं के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था. उनमें से 42 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था.
दूसरी तरफ 12वीं के 17.88 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे. बोर्ड द्वारा देशभर में 7842 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. देश के अलावा अन्य 26 देशों में भी सीबीएसई द्वारा बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन करवाया गया था.
सीबीएसई रिजल्ट कब आएगा?
सीबीएसई बोर्ड द्वारा 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं का रिजल्ट कब घोषित किया जाएगा. इसको लेकर अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन एक अनुमान के मुताबिक मई के महीने में रिजल्ट घोषित किया जा सकता है. यदि पिछले कुछ सालों के रिजल्ट की तारीखों पर ध्यान दें तो देखा जाएगा कि साल 2024 में 13 मई को और 2023 में 12 मई को रिजल्ट घोषित हुए थे.
इससे पहले 2022 में 22 जुलाई को और 2021 में 3 अगस्त को बोर्ड द्वारा रिजल्ट जारी किया गया था. इस प्रकार देखा जाए तो पिछले 2 सालों में मई के दूसरे सप्ताह में रिजल्ट घोषित हुए हैं. इस आधार पर यह माना जा रहा है कि इस बार भी मई के दूसरे सप्ताह में रिजल्ट घोषित किया जा सकता है.
सीबीएसई रिजल्ट कैसे देखें?
जो विद्यार्थी अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. उन्हें बता दें कि वह अपने परीक्षा परिणाम को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in, results.cbse.nic.in, cbseresults.nic.in पर जाकर देख सकते हैं. इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए रिजल्ट के ऑप्शन पर क्लिक करके विद्यार्थियों को अपना DOB और रोल नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद, वह अपने रिजल्ट को डाउनलोड कर पाएंगे.
