कैथल | हरियाणा के कैथल (Kaithal) जिले के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां फायर सेफ्टी विभाग ने अल्ट्रा मॉडर्न फायर स्टेशन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए अग्निशमन सेवा विभाग के मुख्यालय को स्थानीय अधिकारियों ने पत्र लिखकर जगह उपलब्ध कराने की बात कही है. जमीन मिलते ही इस संबंध में प्रकिया को आगे बढ़ाया जाएगा.
आधुनिक सुविधाओं से लैस
इस अल्ट्रा मॉडर्न फायर स्टेशन में आग बुझाने के लिए आधुनिक उपकरण व मशीनें उपलब्ध कराई जाएगी. मशीनों में वाटर ब्राउज़र, फायर फाइटर, बाइक बुलेट फायर, आधुनिक गाडियां व अतिरिक्त वाहन उपलब्ध रहेंगे. आगजनी की बड़ी से बड़ी घटना से निपटने के लिए 24×7 टीमें तैयार रहेगी. मॉडर्न स्टेशन बनने से कर्मचारियों और अधिकारियों को एक जगह पर कार्यालय, स्टाफ के लिए आवास, विभाग का रेस्ट हाउस व अन्य सुविधाएं मिल सकेगी.
इस स्टेशन के बनने से कैथल जिले को बड़े स्तर पर फायदा पहुंचेगा. कर्मचारी कार्यालय के पास निवास स्थान होने से कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी के लिए तैयार रहेंगे और आगजनी की घटनाओं पर तुरंत प्रभाव से काबू पाया जा सकेगा. इस स्टेशन के निर्माण पर 17 करोड़ रुपए अनुमानित लागत आंकी गई है.
हरियाणा का दूसरा स्टेशन
दमकल केंद्र अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया कि इससे पहले राज्य में एकमात्र अल्ट्रा मॉडर्न फायर स्टेशन पानीपत जिले में ही हैं. इसके बाद अब कैथल में बनेगा. इसके लिए सेक्टर- 18 में जमीन तलाश की जा रही है. जमीन मिलते ही निर्माण संबंधित प्रकिया आगे बढ़ा दी जाएगी.
