पंचकूला | हरियाणा सीएम नायब सैनी (Nayab Singh Saini) शनिवार को पंचकूला दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने जिले के लोगों को कई बड़ी सौगातें दीं. मुख्यमंत्री ने घग्गर नदी पर 50 करोड़ रुपए की लागत से बने पुल का उद्घाटन किया. यह पुल सेक्टर 25/ 26 और सेक्टर 20/ 21 के बीच घग्गर नदी पर बनाया गया है. इस पुल के शुरू होने से लोगों को लगभग 7 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करने से छुटकारा मिलेगा.
नेशनल हाईवे से कनेक्टिविटी
घग्गर नदी पर बने इस पुल का लोगों को बड़े स्तर पर फायदा पहुंचेगा. नेशनल हाईवे 5, 7 और 152 से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. यह पुल पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और चंडीगढ़ को कनेक्ट करने वाले रिंग रोड PR- 7 का हिस्सा है. लोगों को जीरकपुर, राजपुरा, पटियाला, मोहाली और इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ पहुंचने में आसानी होगी.
इस पुल के शुरू होने से पंचकूला के घग्घर पार के सेक्टर- 25, 26, 27, 28 और 31 के अलावा बरवाला- रामगढ़ की तरफ से आवाजाही करने वाले लोगों को भी एक बड़ी सुविधा मिल जाएगी. खासकर उन लोगों के लिए यह पुल एक शॉर्टकट का काम करेगा, जिनको पंचकूला के साउथ सेक्टर्स, जीरकपुर या फिर चंडीगढ़ के साउथ सेक्टर्स की तरफ आवागमन करना होता है. इससे करीब 7 किलोमीटर का रास्ता कम होगा.
मुख्यमंत्री ने दी पंचकूला वासियों को अनेक सौगात pic.twitter.com/6ltFLtYfr2
— CMO Haryana (@cmohry) April 19, 2025
विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ की सौगात
सीएम नायब सैनी ने सेक्टर 20/ 21 और 24/ 26 को जोड़ने वाली सड़क का लोकार्पण किया. इसके साथ ही, सेक्टर 28 व 31 में 4.64 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से 2 डिस्पेंसरियों के भवनों का शिलान्यास किया. बरवाला के गांव कनौली में ग्राम सचिवालय का शिलान्यास किया.
इस दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि उत्साह और उमंग के साथ मुझे आशीर्वाद देने आए पंचकूला के मेरे परिवारजनों का ह्रदय से अभिनंदन करता हूं. उन्होंने कहा कि प्रदेश की नॉन- स्टॉप ट्रिपल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत- विकसित हरियाणा’ बनाने के लिए तीव्र गति से काम कर रही है. उन्होंने पंचकूला विधानसभा के गांवों में विकास कार्यों हेतु 5 करोड़ रुपए देने की भी घोषणा की.
