पंचकूला | राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर हरियाणा सरकार (Haryana Govt) द्वारा पंचकूला में राज्य स्तरीय ग्राम उत्थान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस दौरान विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा सहित पार्टी के कई अन्य मंत्री और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे. इस समारोह में प्रदेशभर से सरपंच और पंच शामिल रहे.
CM ने दी विकास कार्यों की सौगात
पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय ग्राम उत्थान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने 233 करोड़ रुपये की लागत के 923 विकास कार्यों का उद्घाटन तथा 135 करोड़ रुपये की लागत के 413 विकास कार्यों का शिलान्यास किया. इसके साथ ही, पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त करने की दिशा में 22 जिला परिषदों, 142 पंचायत समितियों और 5388 ग्राम पंचायतों को स्टाम्प ड्यूटी के अंश के रूप में 573 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए.
सीएम ने 511 ग्राम पंचायतों को महिला चौपालों के निर्माण के लिए 18.28 करोड़ रुपये की राशि भी जारी की. साथ ही, 411 जिला परिषद सदस्यों तथा 3081 पंचायत समिति सदस्यों को 1.45 करोड़ रुपये की मानदेय राशि भी जारी की.
मुख्यमंत्री जागृत ग्राम पुरस्कार योजना का शुभारंभ
सीएम नायब सैनी ने मुख्यमंत्री जागृत ग्राम पुरस्कार योजना का भी शुभारंभ किया. इसके तहत, उन पंचायतों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, कृषि उत्पादकता, डिजिटल संपर्क और टिकाऊ बुनियादी ढांचे जैसे सामाजिक- आर्थिक मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी. जनसंख्या के आधार पर पहले स्थान पर आने वाली ग्राम पंचायतों को 51 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर आने वाली पंचायतों को 31 लाख रुपये तथा तीसरे स्थान वाली पंचायत को 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. यह राशि स्थानीय विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी.
नए लाभार्थियों को पेंशन वितरण
मुख्यमंत्री ने समारोह स्थल से ही प्रदेशभर में विभिन्न पेंशन योजनाओं के 41,591 नये लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ देते हुए सीधे उनके बैंक खातों में 12.59 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए. उन्होंने कहा कि सरकार ने बुढ़ापा पेंशन, दिव्यांग पेंशन आदि को प्रो- एक्टिव मोड पर बनाने का काम किया है. अब इनके लिए किसी को भी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते हैं. उम्र पूरी होते ही घर बैठे पेंशन बन जाती है.
