पंचकूला | आज हम आपको हरियाणा की एक ऐसी जगह के बारे में बताएंगे, जो आपके कुछ ही दूरी पर स्थित है. यहां जाने में आपका खर्चा भी कम लगेगा. साथ ही, वहां आप एक दिन में जाकर उसी दिन शाम को वापस आ सकते हैं. इस प्रकार आपका रहने का खर्चा भी बच जाता है. हमारे देश में घुमक्कड़ लोगों की कोई कमी नहीं है. जब भी कभी छुट्टी आती है तो हर कोई यही सोचता है कि कहीं घूमने का प्लान बना लिया जाए. इस प्लान के आगे दिक्कत आती है, तो वह होती है खर्च की.
हरियाणा का इकलौता हिल स्टेशन
जिस जगह की हम बात कर रहे हैं, वह हरियाणा के पंचकूला में स्थित मोरनी हिल्स है. यह हरियाणा का एकमात्र हिल स्टेशन है, जहां आप शिमला, मनाली और नैनीताल जैसी जगहों को कुछ समय के लिए भूल जाएंगे. यहां के सुंदर नजारे आपका मन मोह लेने के लिए काफी है. यहां की प्राकृतिक सुंदरता सैलानियों को खूब रास आती है. दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा के लोगों की यह पहली पसंद है. अगर आपका मन भी इस वीकेंड पर परिवार के साथ कहीं घूमने का है, तो यहां जाकर आप अपनी फैमिली के साथ अच्छा समय बिता सकते हैं.
नेचर लवर्स के लिए बेस्ट
अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित मोरनी हिल्स की ऊंचाई 1220 मीटर है. यहां के प्रकृति के सुंदर नजारे सैलानियों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित करते हैं. यहां कुछ खास प्रजाति के पक्षी भी आपको देखने को मिल जाते हैं. इनमें हिमालय बुलबुल, ओरिएंटल टर्टल आदि शामिल हैं. एडवेंचर के शौकीन लोगों के लिए यहां एडवेंचर पार्क मौजूद है, जहां आप बोटिंग, ट्रैकिंग, रोप क्लाइंबिंग और कमांडो नेट जैसी एक्टिविटीज भी कर सकते हैं. आप इससे कुछ ही दूरी पर स्थित टिक्कर ताल भी जा सकते हैं. यहां बनी हुई 2 सुंदर झीलों के किनारे बैठकर आप फुर्सत के दो पल बिता सकते हैं.
ऐतिहासिक स्थलों से भरपूर
कुछ ही दूर प्रसिद्ध ठाकुर द्वार मंदिर पर भी आप घूमने जा सकते हैं. ऐसा माना जाता है कि दसवीं शताब्दी में पांडवों द्वारा इस मंदिर का निर्माण किया गया था. मोरनी हिल्स में मौजूद नाडा साहिब गुरुद्वारा को यहां के सबसे पवित्र स्थान में माना जाता है. इसके पास ही घग्गर- हकरा नदी बहती है जो इसकी खूबसूरती को चार चांद लगाने का काम करती है. यहाँ मोरनी का किला भी मौजूद है, जहां की ऊंचाई पर जाकर आप प्रकृति की सुंदरता का नजारा ले सकते हैं.
अगर आप मोरनी हिल्स में जाना चाहे तो यहाँ पहुँचाना भी काफी आसान है. दिल्ली से मोरनी हिल्स के बीच की दूरी 252 किलोमीटर है, जहां आप पांच से 6 घंटे में पहुंच सकते हैं. वहीं, चंडीगढ़ से मोरनी हिल्स केवल 1 घंटे की दूरी पर है.
