नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के निवासियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां नवनिर्वाचित बीजेपी सरकार ने दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों के लिए एक नया निर्देश जारी किया है. इसके मुताबिक, 1 मई यानि आज से दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने के लिए ABHA Card की जरूरत होगी. ओपीडी का रजिस्ट्रेशन इसी के माध्यम से होगा. ABHA ID भी आयुष्मान भारत योजना के तहत ही है.
स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी बनाना लक्ष्य
दिल्ली सरकार के निर्देशानुसार आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत, अब अस्पतालों को मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की डिजिटल पहचान और जानकारी सुनिश्चित करनी होगी. इस फैसले का मकसद स्वास्थ्य सेवाओं को ज्यादा पारदर्शी और तकनीक से जुड़ा बनाना है. आज से जो भी मरीज सरकारी अस्पतालों की OPD में इलाज के लिए आएंगे, उनका रजिस्ट्रेशन करते समय आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA ID) बनाना जरूरी होगा.
मरीजों को चक्कर काटने से मिलेगा छुटकारा
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ABHA ID एक यूनिक डिजिटल हेल्थ आईडी होगी, जिसमें मरीज की तमाम मेडिकल हिस्ट्री और जानकारियां ऑनलाइन सुरक्षित रहेंगी. इससे इलाज में सुविधा बढ़ेगी और मरीजों को बार- बार रिपोर्ट या पर्ची लेकर नहीं घूमना पड़ेगा. मरीज की सारी जानकारी डिजिटल मौजूद होगी.
