हरियाणा में देशी गाय यशोदा ने बनाया रिकॉर्ड, एक दिन में दिया 17 लीटर दूध

कैथल | पशुपालन के क्षेत्र में हरियाणा के किसान नित नए रिकॉर्ड स्थापित कर रहे हैं. यहां उच्च कोटि की नस्ल की गाय और भैंसों का दूध देने के मामले में कोई सानी नहीं है. इसी कड़ी में कैथल जिले (Kaithal District) के गांव खरक पांडवा के किसान सुनील सहारण की देशी नस्ल की गाय यशोदा ने 1 दिन में 17 लीटर दूध देकर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है.

Kaithal Cow

विशेष देखभाल करना जरूरी

यशोदा गाय के मालिक सुनील सहारण ने बताया कि वह खेती के साथ-साथ पशुपालन में भी विशेष रूचि रखते हैं. खेती के साथ- साथ पशुपालन कर किसान अतिरिक्त आमदनी कर अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार ला सकते हैं. वे उन्नत नस्ल की गाय- भैंस पालते हैं और हर साल उनकी बिक्री से लाखों रुपए अर्जित करते हैं.

सुनील ने बताया कि वे यशोदा गाय की देखभाल अपने परिवार के सदस्यों की तरह करते हैं. खान- पान से लेकर रहने की जगह पर विशेष ध्यान दिया जाता है. उन्होंने बताया कि छह महीने की उम्र से ही यशोदा गाय की विशेष देखभाल करना शुरू कर दिया था और आज उसी का परिणाम है कि दूध देने के मामले में यशोदा गाय ने क्षेत्र में नया रिकॉर्ड बनाया है.

दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा

किसान सुनील सहारण ने बताया कि पशु गणना के आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा में गाय और भैंसों की संख्या के आंकड़े में गिरावट दर्ज हुई है लेकिन किसान उन्नत नस्ल के पशुपालन से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दे रहे हैं. सरकार भी उन्नत नस्ल के पशुपालन को बढ़ावा देने में निरंतर सहयोग कर रही है. उन्होंने कहा कि किसानों को यदि अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है तो खेती के साथ- साथ पशुपालन का व्यवसाय अवश्य करें.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.