गुरुग्राम | नए गुरुग्राम (New Gurugram) के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां वाटिका सिटी और आसपास के इलाकों में सालों से चली आ रही बिजली सब- स्टेशन की मांग आखिरकार पूरी हो गई है. उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने रविवार को वाटिका सिटी में 33 kV के नवीन बिजली सब- स्टेशन का उद्घाटन किया.
हजारों परिवारों को मिलेगी राहत
इस सब- स्टेशन के चालू होने से वाटिका सिटी होम्स, वाटिका फ्लोर, गुरुग्राम 21, वाटिका सेवन लैम्प, वाटिका लाइफस्टाइल अपार्टमेंट और वाटिका सिग्नेचर विलास समेत अन्य सोसायटी के लगभग 10 हजार परिवारों को राहत पहुंचेगी. पिछले तीन सालों से इन इलाकों के लोग सुचारू बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर आवाज उठा रहे थे और कई बार विरोध- प्रदर्शन भी कर चुके थे.
उद्घाटन अवसर पर कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने पौधारोपण करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार समयबद्ध तरीके से लोगों को उच्चस्तरीय बुनियादी ढांचा प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं. समूचे हरियाणा का एकसमान विकास हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
बुनियादी सुविधाओं का ढांचा मजबूत
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने, सुचारू बिजली आपूर्ति और स्वच्छ पर्यावरण के लिए कई परियोजनाएं क्रियान्वयन की दिशा में है. उन्होंने बताया कि इस नए सब- स्टेशन के माध्यम से क्षेत्र में निर्बाध, स्थिर और गुणवतापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी. राव नरबीर ने कहा कि इसके साथ ही वितरण तंत्र को और अधिक सक्षम और आधुनिक बनाया जाएगा.
