हरियाणा सरकार से अनुमति लिए बिना की गई नियुक्तियां होंगी रद्द, कर्मचारियों में मचा हड़कंप

गुरुग्राम | नगर निगम गुरुग्राम और मानेसर में काम कर रहे हरियाणा के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी खबर है. बता दें कि नगर निगम गुरुग्राम और मानेसर में सरकार की आज्ञा के बिना की गई नियुक्तियां रद्द की जाएगी. दोनों नगर निगमों में एक्सपर्ट के नाम पर पिछले डेढ़ साल में 65 से ज्यादा कर्मचारियों की नियुक्ति हो चुकी है. इनमें से बहुत से उम्रदराज सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं. इसके अतिरिक्त, कई अन्य कर्मचारी शामिल हैं.

Employee

अनुमति के बिना नहीं होगी नियुक्ति

शहरी स्थानीय निकाय विभाग की तरफ से आदेश जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि निकायों में सलाहकारों की नियुक्ति अब बिना सरकार की अनुमति के नहीं की जाएगी. विभाग ने राज्य की सभी निकायों को एक कठोर निर्देश जारी किया है, जिसमें बिना सरकार की पूर्व स्वीकृति के किसी भी निजी व्यक्ति को सलाहकार पद पर नियुक्त करने पर रोक लगा दी गयी है.

दिए सख्त निर्देश

विभाग ने कहा कि हाल ही में यह सामने आया है कि कई निकाय अपने लेवल पर सलाहकारों की नियुक्ति कर रहें हैं, जो या तो मानद पदों पर हैं या फिर वेतन पर नियुक्त किए गए हैं. यह नियुक्तियां राज्य सरकार की पूर्व स्वीकृति के बिना हो रही थीं, जो नियमों के अनुरूप नहीं है. शहरी स्थानीय निकाय विभाग की तरफ से साफ कर दिया गया है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की सलाहकार या अन्य नियुक्ति सिर्फ सरकार की स्पष्ट स्वीकृति के बाद ही की जाएगी.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के प्रमुख चौकों का होगा सौंदर्यीकरण, चंडीगढ़ जैसी दिखेगी तस्वीर

तुरंत प्रभाव से की जाए निरस्त

अगर पहले बिना स्वीकृति के ऐसी कोई नियुक्तियां की गई हैं, तो उन्हें तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए. यह आर्डर जारी होने के बाद नगर निगम में भूचाल आ गया है. आर्डर में यह भी कहा गया है कि सभी संबंधित निकायों को इस बारे में अनुपालन रिपोर्ट ईमेल के जरिये निदेशालय को भेजनी होगी. विभाग ने साफ तौर पर कहा है कि इन निर्देशों का पालन पूरी सख्ती से किया जाए.

मिल रही सरकारी सुविधा

मंत्रियों और उच्चाधिकारियों की सिफारिश पर गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम में अपने चहेते कर्मचारियों की भर्ती की जा रही है. इनमें 65 उम्रदराज सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अतिरिक्त कई अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं. इनको अच्छे वेतन के साथ गाड़ी- ड्राइवर सहित सभी सरकारी सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं. कुछ शाखाओं में पहले भी एक्सपर्ट की सेवाएं ली जाती थी, मगर इनकी संख्या कभी पंद्रह या बीस से ज्यादा नहीं रही. पर पिछले डेढ़ साल में अधिकारियों ने ऐसे सिफारिशियों के लिए रास्ता बना दिया है.

Avatar of Deepika Bhardwaj
Deepika Bhardwaj
View all posts

मेरा नाम दीपिका भारद्वाज है. पिछले साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar वेबसाइट पर राइटर का काम कर रही हूँ. मैं यहाँ हरियाणा व दिल्ली में निकली सरकारी और प्राइवेट नौकरी से जुड़ी जानकारी साझा कर रही हूँ.