गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में राजीव चौक से ट्रैफिक जाम के जंजाल से मुक्ति दिलाने के लिए राजीव चौक और झाड़सा चौक के बीच से एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के लिए एक कट खोला गया है. फिलहाल, इसका ट्रायल चल रहा है. यदि इसमें सफलता मिलती है, तो अगले सप्ताह से इस व्यवस्था को पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा.
कीमती समय की बचत
राजीव चौक पर अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. खासकर पीक आवर्स के दौरान लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ती है. पहले झाड़सा चौक के पास सर्विस लेन से एक्सप्रेसवे पर चढ़ने वाले वाहनों को राजीव चौक पार करके मस्जिद के पास से एंट्री मिलती थी. इस दौरान 500 मीटर की इस दूरी को तय करने में 15 मिनट का समय लग जाता था. इसी ट्रैफिक दबाव को कम करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने झाड़सा चौक से आगे और राजीव चौक से पहले एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के लिए कट खोल दिया है. इससे वाहन चालकों को राहत पहुंचेगी और उन्हें राजीव चौक के ट्रैफिक जाम से नहीं जूझना पड़ेगा.
खोला गया एग्जिट गेट
दिल्ली से जयपुर जाते समय सेक्टर- 38 के पास भी एक एग्जिट प्वाइंट खोला गया है. इससे काफी हद तक ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा. जहां कट खोला गया है, वहां से 50 मीटर आगे एग्जिट प्वाइंट भी है. एग्जिट प्वाइंट से निकलने वाले वाहन मेदांता अस्पताल समेत रेलवे रोड और पुराने शहर की तरफ भी जाते हैं. ऐसे में पीक आवर्स के दौरान ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर एंट्री प्वाइंट पर वाहनों की रफ्तार थम जाती है. ऐसे में नया कट खुलने से बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी.
