गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम से एक बड़ी अच्छी खबर सामने आई है. यहां मिलेनियम सिटी में प्रस्तावित मेट्रो रूट से किन- किन और इलाकों को जोड़ा जा सकता है. इस संबंध में योजना बनाई गई है. हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTC) की ओर से मेट्रो विस्तार को लेकर ट्रैफिक सर्वे करवाने के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं. सर्वे पूरा होने पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
क्या है मेट्रो का प्लान?
मेट्रो विस्तार के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर से ओल्ड गुरुग्राम के सेक्टर व कालोनियों से होते हुए उद्योग विहार और DLF साईबर सिटी तक मेट्रो संचालित करने की योजना बनाई गई है. HMRTC वाटिका चौक से पंचगांव तक, भौंडसी से रेलवे स्टेशन, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से मिलेनियम सिटी सेंटर होते हुए सेक्टर- 5, मानेसर से पटौदी रोड होते हुए न्यू कॉलोनी मोड़ तक मेट्रो संचालित करने की योजना बना चुका है.
7 जुलाई तक मांगे आवेदन
HMRTC इस योजना के तहत, करीब 177 किलोमीटर लंबा मेट्रो का जाल बिछाने जा रहा है. अब सीएमएमपी में रह गए क्षेत्रों को मेट्रो से जोड़ने के लिए ट्रैफिक सर्वे करवाने की प्लानिंग है. इस सर्वे के लिए कंपनियों से 7 जुलाई तक आवेदन मांगे गए हैं. इसके बाद, तकनीकी और वित्तीय बिड को खोलकर टेंडर आवंटित करने की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा.
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत, भोंडसी से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन तक मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी. यह मेट्रो लाइन वाटिका चौक, सुभाष चौक, राजीव चौक, सदर बाजार और गुरुग्राम बस स्टैंड से होकर गुजरेगी. इसके साथ ही यह मेट्रो लाइन राजीव चौक पर प्रस्तावित दिल्ली- गुरुग्राम- अलवर RRTS कॉरिडोर और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के पास मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से स्वीकृत मेट्रो विस्तार से जुड़ेगी.
दूसरा कॉरिडोर गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से सेक्टर- 5 तक होगा, जिसकी लंबाई 13.6 किलोमीटर होगी. इसे शीतला माता रोड अलाइनमेंट के बाद मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, सिग्नेचर टावर क्रॉसिंग, राणा प्रताप चौक और अतुल कटारिया चौक पर रोकने का प्रस्ताव है.
