रेवाड़ी | हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां रेवाड़ी जिले के गांव टीकला निवासी लेफ्टिनेंट अन्नी नेहरा को देहरादून में भारतीय सेना अकादमी (IMA) की पासिंग आउट परेड में बेस्ट आलराउंड कैडेट होने पर स्वार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया. अब उन्हें सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट में कमीशन दिया गया है.
परिवार की तीसरी पीढ़ी सेना में
अन्नी नेहरा अपने परिवार से भारतीय सेना की वर्दी पहनने वाले तीसरी पीढ़ी के व्यक्ति बन गए हैं. उनके दादा 9 जाट रेजिमेंट में और पिता देवेन्द्र नेहरा 7 जाट रेजिमेंट से हवलदार पद से रिटायर हुए थे. रविवार को गांव में पहुंचने पर अन्नी का जोरदार स्वागत किया गया. ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ खुली जीप में बैठाकर स्वागत किया.
मिलिट्री स्कूल से की पढ़ाई
पड़ोसी गांव से शुरूआती शिक्षा ग्रहण करने के बाद अन्नी नेहरा ने आगे की पढ़ाई कर्नाटक के बेलगाम स्थित नेशनल मिलिट्री स्कूल से की. कक्षा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद उनका चयन NDA में हो गया था. तीन साल अलग-अलग एकेडमी में ट्रैनिंग करने के बाद एक साल देहरादून एकेडमी में ट्रैनिंग हासिल की.
बचपन का सपना पूरा हुआ
अन्नी नेहरा ने बताया कि बचपन मे ही दादा और पिता को सेना की वर्दी में देखकर भारतीय सेना में भर्ती होने का सपना संजोया था और आज उस सपने को पूरा करने की अपार खुशी हैं. उन्हें सेना में अफसर बनने की प्रेरणा दादा और पिता से मिली है. उनकी पासिंग आउट परेड के गवाह बने माता-पिता ने बताया कि जैसे ही बेस्ट कैडेट के तौर पर अन्नी के नाम की घोषणा हुई तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा. यह सब अन्नी की योग्यता, उत्कृष्ट नेतृत्व और समर्पण का प्रतीक है. हमारे परिवार के लिए ये बहुत गौरव की बात है.
