नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई बाजार अपनी खास पहचान रखते हैं. हर एक बाजार की अपनी एक अलग कहानी होती है. जब भी बात बाजारों की आती है तो सबसे पहले चांदनी चौक का नाम सामने आता है. यहां पराठे वाली गली से लेकर कुरेमल की कुल्फी और टुंडे कबाब तक हर प्रकार का स्वाद मिल जाता है. दिक्कत बस इतनी है कि आपको इन सबका आनंद भारी भीड़ में खड़े होकर ही लेना पड़ता है.

अब आप इन सबका स्वाद आराम से बैठकर भी ले सकते हैं. वह भी एक मॉल में. जी हां, पुरानी दिल्ली के ओमेक्स चौक में भारत का सबसे बड़ा फूड कोर्ट स्थित है. यहां एक से बढ़कर एक मशहूर स्टॉल मौजूद हैं. यहां आकर आपका पेट तो भर जाएगा, लेकिन मन नहीं भरेगा.
टुंडे कबाबी का स्वाद
ओमेक्स चौक में लखनऊ के प्रसिद्ध टुंडे कबाबी का स्वाद भी लिया जा सकता है. इसके लिए अब आपको लखनऊ जाने की जरूरत नहीं है. यहां की सबसे बड़ी पहचान इसके गलौटी कबाब हैं. ये इतने सॉफ्ट होते हैं कि मुंह में रखते ही घुल जाते हैं. लखनऊ की नवाबी रसोई से तैयार की गई ये डिश स्वाद में लाजवाब होती है.
100 साल पुरानी कुल्फी
ओमेक्स चौक में आपको कुरेमल मोहनलाल कुल्फी वाला भी मिल जाएगा. एक सदी से ज्यादा पुरानी विरासत को संजोए हुए यह दुकान स्वाद, बनावट, शुद्धता और प्रेजेंटेशन के लिए जानी जाती है. कुल्फी प्रेमियों के लिए यहां हर फ्लेवर की कुल्फी मौजूद है, जो हर किसी का दिल जीत लेती है.
पराठे वाली गली का स्वाद
पुरानी दिल्ली की मशहूर पराठे वाली गली के गया प्रसाद परांठे वाले का आउटलेट अब ओमेक्स चौक में भी उपलब्ध है. यहां देसी घी में तले गए तरह- तरह की स्टफिंग वाले पराठे बनाए जाते हैं. पीढ़ियों से चल रही यह दुकान अब एक नए और आरामदायक माहौल में भी उपलब्ध है.
चाय प्रेमियों के लिए कड़क हाउस
जो लोग चाय के शौकीन हैं, उनके लिए कड़क हाउस किसी जन्नत से कम नहीं है. यहां गरमा गरम चाय के साथ स्वादिष्ट पकोड़े, सैंडविच, समोसे और कई चटपटे व्यंजन मिलते हैं. चाय और मसालों की खुशबू इस जगह को और भी खास बना देती है.
‘महफिल’ में मिलेगी म्यूजिक और फूड
अगर आपका मकसद सिर्फ पेट भरना नहीं, बल्कि एक खास अनुभव लेना है तो ‘महफिल’ आपके लिए एक परफेक्ट जगह है. यहां नॉर्थ इंडियन स्वाद के साथ लाइव म्यूजिक और पारंपरिक माहौल भी मिलता है. त्यौहारों और खास मौकों पर दोस्तों संग एक यादगार शाम बिताने के लिए यह जगह उपयुक्त है.
दक्षिण भारतीय व्यंजनों के लिए जाएं ‘साबरपोट’
अगर आप दक्षिण भारत के असली स्वाद की तलाश में हैं, तो ओमेक्स चौक का ‘साबरपोट’ जरूर जाएं. यहां इडली, वड़ा, डोसा, उपमा और रसम जैसे पारंपरिक व्यंजन मिलते हैं. स्वाद में यह पूरी तरह ऑथेंटिक होते हैं और इनकी शुद्धता भी शानदार होती है.