रेवाड़ी | दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी से एक अच्छी खबर सामने आई है. यदि सबकुछ ठीकठाक रहा तो शहर के लोगों को जल्द ही 8 किलोमीटर लंबे फोरलेन की सौगात मिलेगी. शहर के बाईपास पर स्थित प्रजापति चौक से लेकर गांव मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय तक सड़क मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा.

धन्यवाद रैली में रेवाड़ी पहुंचे सीएम नायब सैनी के सामने बीजेपी विधायक लक्ष्मण यादव ने इस मांग को रखा था. इसपर मुख्यमंत्री ने जल्द से जल्द इसे पूरा करने की बात कही है.
विश्वविद्यालय तक बनवाने पर रहेगी प्राथमिकता
पहले चरण में प्रजापति चौक से लेकर NH- 71 तक सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने की योजना है, लेकिन विधायक ने बताया कि प्रथम चरण में विश्वविद्यालय तक 8 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनवाने का प्रयास रहेगा. उन्होंने बताया कि 10 किलोमीटर लंबा यह रोड फिलहाल सिंगल हैं, जिसके चलते यहां रोजाना सड़क दुघर्टना होने का अंदेशा बना रहता है.
उन्होंने बताया कि इस रूट पर 10 गांवों के अलावा आधा दर्जन से ज्यादा कालोनियां भी विकसित हो चुकी है. ऐसे में इस सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग लंबे समय से हो रही है. इसके अलावा NH-71 से डेढ़ किलोमीटर दूरी पर स्थित प्रजापति चौक पर नया बस स्टैंड प्रस्तावित है. इस हिसाब से भी इस सड़क मार्ग को फोरलेन बनाना जरूरी हो गया है ताकि भविष्य में बस स्टैंड की ओर आने वाले ट्रैफिक को कंट्रोल किया जा सकें.
इन्हें पहुंचेगा फायदा
इस 8 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग के फोरलेन निर्माण से जैन सभा, शिव नगर पार्ट वन, टू और थ्री के अलावा गांव तुर्कियावास, रामगढ़, भगवानपुर, बुढ़ाना, बुढ़ानी, मीरपुर, मालाहेड़ा, आलमगीरपुर और खटावली सहित अन्य गांवों के लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा. इसके अलावा मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स का सफर आसान हो जाएगा.
प्रजापति चौक से मीरपुर यूनिवर्सिटी तक की सिंगल रोड को फोरलेन बनवाने के लिए मैंने सीएम नायब सैनी के सामने मांग रखी थी. रैली के मंच से सीएम इसकी घोषणा नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने फोरलेन रोड बनवाने की बात कही है. इससे बड़ी आबादी ही नहीं बस स्टैंड तक आने वाले वाहन चालकों का सफर भी आसान हो जाएगा- लक्ष्मण सिंह यादव, बीजेपी विधायक, रेवाड़ी