भिवानी, HTET | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से कल सीईटी परीक्षा की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है. हरियाणा में ग्रुप सी के विभिन्न सरकारी पदों के लिए अनिवार्य सीईटी परीक्षा का आयोजन आने वाली 26 और 27 जुलाई को किया जाएगा. इस परीक्षा के लिए लगभग 13 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने आवेदन किया है. पहले कहा जा रहा था कि इस दिन हरियाणा शिक्षक पात्रता (HTET) परीक्षा होगी.
30 व 31 जुलाई को होगा एचटेट
अब 26 और 27 जुलाई को सीईटी आयोजित होगा. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने सीईटी के चलते हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) की तारीखों में बदलाव कर दिया है. अब एचटेट 30 व 31 जुलाई को आयोजित करवाया जाएगा. शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन शर्मा ने यह जानकारी साझा की है. पहले एचटेट 26- 27 जुलाई को होना था, पर अब इन दिनों पर सीईटी परीक्षा आयोजित की जाएगी.
HSSC अध्यक्ष ने भी साझा की पोस्ट
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने भी एक पोस्ट के माध्यम से इस बारे में जानकारी दी. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि आज सीईटी 2025 के परीक्षा की तिथि प्रसारित होने के बाद कई बच्चों ने मुझसे फोन कॉल, मैसेज और सोशल मीडिया पर कमेंट के जरिये ये सवाल पूछा कि HTET और CET की डेट एक दिन होने के कारण एग्जाम कैसे दे पाएंगे, उस विषय को लेकर मैने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन PK शर्मा जी से बात की.
HTET की नई तारीखों का हुआ ऐलान
अनुरोध पर उन्होंने HTET परीक्षा की तिथि को स्थगित करने की सहमति जताई है, मुझे उम्मीद है कि इसकी सूचना जल्द ही आधिकारिक रूप से आप सभी को मिल जाएगी. मैं हम सब की तरफ से उनको हृदयपूर्वक धन्यवाद करता हूं. आप सभी अभ्यर्थी परेशान न हो और अपनी CET और HTET की तैयारी करते रहें. इसके बाद, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से HTET की नई तारीखों का ऐलान किया गया है. ऐसे में अब 26- 27 जुलाई को CET परीक्षा, 30 और 31 जुलाई को HTET परीक्षा का आयोजन किया जाएगा.
