कैथल | सावन महीने में भोलेनाथ की नगरी हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के सफर को आसान और सुरक्षित बनाने के लिए हरियाणा परिवहन विभाग ने कमर कस ली है. प्रदेश के कई शहरों से हरिद्वार के लिए सीधी बस सेवा शुरू की जा रही है. बता दें कि इस समय बड़ी संख्या में कांवड़िए हरिद्वार जाने के लिए रवाना होते हैं. ऐसे में अतिरिक्त भीड़-भाड़ को कंट्रोल करते हुए अतिरिक्त बसों के संचालन को हरी झंडी दिखाई जा रही है.

हरिद्वार के लिए बस सेवा शुरू
कैथल से हरिद्वार के लिए रोडवेज विभाग द्वारा सुबह से दोपहर तक अलग- अलग समय पर 9 बसों का संचालन किया जा रहा है. इसमें पहली बस सुबह 05.40 बजे तो आखिरी बस का संचालन दोपहर 3 बजे रहेगा. इन बसों में वाया ढांड होकर जाने पर प्रति व्यक्ति किराया 325 रुपए और वाया पिहोवा होकर जाने वाली में किराया 340 रुपए रहेगा.
कैथल बस स्टैंड प्रभारी निरंजन सिंह ने बताया कि यहां से हरिद्वार के लिए पहली बस सुबह 05.40 बजे, फिर 05.50 बजे, 07.40 बजे, 09.40 बजे, 10.40 बजे, 11.40 बजे, 01.30 बजे, 2 बजे और आखिरी बस दोपहर 3 बजे रवाना होगी.
बसों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना
निरंजन सिंह ने बताया कि सावन महीने में हजारों की संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेने हरिद्वार जाते हैं. ऐसे में जाते समय ये बसों का सहारा लेते हैं. इसी को देखते हुए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है. हरिद्वार जाने वाले कांवड़ियों को बसों की सुविधा को लेकर परेशान नहीं होने दिया जाएगा. यदि श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती है, तो उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बसों की संख्या में बढ़ोतरी की जा सकती है.