गुरुग्राम | पर्यावरण एवं उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह शुक्रवार को गुरुग्राम दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने फर्रूखनगर नगरपालिका की जनरल बॉडी की मीटिंग की अध्यक्षता की. बैठक के दौरान उपस्थित पार्षदों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं क्षेत्र का विकास हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है. सभी पार्षद अपने- अपने क्षेत्र में खुद से जगह का चयन करें.
उसमें जनभागीदारी से पौधे रोपित कर उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी भी उठाए. साथ ही, उन्होंने फर्रूखनगर नगरपालिका क्षेत्र को पॉलिथीन मुक्त बनाने की मुहिम को सफल बनाने के लिए पार्षदों को भागीदार बनने की अपील की.
यहां पर स्टेडियम निर्माण को मंजूरी
मंत्री राव नरबीर ने फर्रूखनगर नगरपालिका के प्रधान बीरबल सैनी द्वारा रखे गए नौ बिंदुओं के एजेंडे को ध्यानपूर्वक सुना और बैठक में उपस्थित पार्षदों के साथ चर्चा करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों को सहमति प्रदान की. उन्होंने चांद नगर रोड स्थित पालिका की 9 एकड़ भूमि में स्टेडियम विकसित करने, सामुदायिक केंद्र के समीप 500 वर्ग गज भूमि पर लाइब्रेरी का निर्माण, शहर की एक कॉलोनी का नाम आदर्श नगर रखने, शहर के अंदर 5 किलोमीटर मॉडल सड़क विकसित करने, प्रजापति चौपाल के विकास तथा जल निकासी के लिए नागरिक अस्पताल से फाजिलपुर मोड पर स्थित तालाब तक स्टडी करवाने के विषयों को स्वीकृति प्रदान की.
उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण व क्षेत्र का विकास हम सबकी सामूहिक जिम्मेवारी है।
भविष्य में जब भी पौधरोपण किया जाए तो उसमें जनभागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
सभी पार्षद अपने-अपने क्षेत्र में स्वयं जगह… pic.twitter.com/8VR1Rgw4hg
— DPR Haryana (@DiprHaryana) July 11, 2025
सुनी गई मांगें
एजेंडे में शामिल बिंदुओं पर चर्चा के उपरांत राव नरबीर सिंह ने बैठक में उपस्थित पार्षदों से क्षेत्र के विकास के लिए रखी गई मांगे भी सुनी. उन्होंने फर्रुखनगर बाइपास और बस स्टेंड की मांगों को भी संबंधित विभागों के साथ चर्चा करने का आश्वासन दिया. उन्होंने राजकीय कन्या विद्यालय के निर्माण के दौरान छात्राओं को संस्कृति मॉडल स्कूल में अतिरिक्त कमरे उपलब्ध करवाने के लिए परिसर में रखी ईवीएम मशीनों को भी दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश दिए, ताकि एक ही शिफ्ट में दोनों स्कूलों में पढ़ाई हो सकें. लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नागरिक अस्पताल के भवन को शीघ्रता से संबंधित विभाग को हैंडऑवर करने के निर्देश दिए.
