नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां IGI एयरपोर्ट जाने वालों के रास्ते को आसान बनाने के लिए दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर धौला कुआं से शिव मूर्ति चौक के बीच ट्रैफिक जाम की जकड़न दूर करने के उद्देश्य से यहां मौजूदा व्यवस्था में नए बदलाव किए जाएंगे.
अभी मौजूद 3 Entry और 3 Exit वाले रास्तों को स्थाई तौर पर बंद करने की योजना है. इसकी जगह केवल एक ही स्थान पर Entry और एक ही स्थान पर Exit की व्यवस्था की जाएगी. ट्रैफिक पुलिस के साथ हुई बैठक में नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने यह फैसला लिया है.
बैठक में सुझावों पर बनी सहमति
NH- 48 पर धौला कुआं से गुरुग्राम जाने वाली साइड पर अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. इसे लेकर करीब पांच महीने पहले किए गए अध्ययन में पता चला था कि 3 स्थानों पर हाइवे एवं सर्विस लेन के बीच का ट्रैफिक क्रॉस होने के चलते जाम के हालात पैदा हो रहे हैं.
इनमें से पहला क्रॉस ट्रैफिक शंकर विहार चौक, दूसरा लोहिया होटल के पास और तीसरा क्रॉस ट्रैफिक द्वारका लिंक रोड के पास बनता था. इस समस्या का समाधान करने के लिए प्रवेश एवं निकास के स्थानों को ट्रैफिक पुलिस एवं NHAI ने मिलकर अलग किया था. इससे पहले के मुकाबले काफी सुधार देखने को मिल रहा है.
यहां पर लागू होगी नई व्यवस्था
NH- 48 पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को लेकर पिछले दिनों NHAI और ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के बीच बैठक हुई थी, जिसमें बताया गया था कि हाइवे पर यातायात सामान्य रूप से चलाने के लिए तीन स्थानों पर मौजूद प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था को बंद करना होगा. इसकी जगह केवल एक स्थान पर Entry और एक स्थान पर Exit की व्यवस्था करनी होगी.
जिन वाहन चालकों को सर्विस लेन से हाइवे पर जाना है, उनके लिए ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट मुख्यालय से लगभग 200- 300 मीटर पहले Entry का रास्ता बनाया जाएगा. जिन्हें यहां हाइवे से बाहर निकलना है, उनके लिए ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट कार्यालय के पास रास्ता दिखा जाएगा. इस व्यवस्था से जगह- जगह ट्रैफिक बाधित नहीं होगा.
