नई दिल्ली | जनरल कोच से यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. ऐसे यात्रियों के लिए सफर के दौरान खाने- पीने की समस्या को दूर करने के लिए भारतीय रेलवे (Indian Railway) ने विशेष पहल की है. इसके तहत, इन यात्रियों को जनरल कोच में ही खाना उपलब्ध कराया जाएगा. यह खाना ठीक वैसा ही होगा जैसा उसी ट्रेन के AC कोच में सफर कर रहे यात्रियों को दिया जा रहा है.
IRCTC ने शुरू की नई पहल
जनरल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को उच्च गुणवत्तापूरक खाना व पानी पहुंचाने के उद्देश्य से IRCTC ने कई ट्रेनों में इस पहल की शुरुआत कर दी है. खास बात यह है कि इस खाने के लिए यात्रियों से ज्यादा मोटी रकम नहीं वसूल की जाएगी. रेलयात्रियों को मात्र 80 रुपए में बढ़िया स्वादिष्ट भोजन खाने को दिया जाएगा.
IRCTC द्वारा जनरल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को जो भोजन दिया जाएगा. उसमें दाल, चावल, सब्जी, रोटी, अचार, नेपकिन,पानी की बोतल और चम्मच होगी. इसकी मात्रा इतनी होगी कि एक व्यक्ति का पेट आसानी से भर जाए. इस भोजन की पैकिंग नामी फूड कंपनियों द्वारा की जा रही है. यानि खाना पॉलिथीन या सिल्वर फाइन में नहीं दिया जाएगा. यात्रियों को सीट पर बैठे- बैठे इस सुविधा का लाभ मिलेगा.
इन ट्रेनों में हो चुकी है शुरुआत
जनरल कोच में सीट पर खाना देने की शुरुआत 6 ट्रेनों में शुरू हो चुकी है जिनमें गोमती एक्सप्रेस, श्रीनगर गंगानगर- नई दिल्ली इंटरसिटी एक्स्प्रेस, कैफियत एक्सप्रेस, अयोध्या एक्सप्रेस, बरौनी लोनी और दरभंगा नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस शामिल हैं. जल्द ही, कुछ और ट्रेनों में भी इस सुविधा को शुरू किया जाएगा.
इस वजह से लिया फैसला
भारतीय रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि अक्सर जनरल कोच में भीड़- भाड़ की स्थिति ही रहती है. ऐसे में यात्री सीट गंवाने के डर से नीचे नहीं उतर पाता है. इसी को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर जनरल कोच के सामने टेबल लगाकर यात्रियों के लिए खाने की इस सुविधा की शुरुआत की गई है.
