पंचकूला | हरियाणा में आमजन के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बुधवार को लोक निर्माण मंत्री (PWD) रणबीर गंगवा पंचकूला के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पहुंचे थे जहां उन्होंने वित्त वर्ष 2025-26 की कार्य योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. इस बैठक में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए.
6500 किमी सड़कें होंगी चकाचक
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि राज्य में 6500 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत की योजना बनाई गई है. इसमें सबसे 80 प्रतिशत टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. इनमें से 3500 किलोमीटर सड़कों की चौड़ाई बढ़ाकर 18 फीट करने की योजना बनाई गई है. इससे सड़क सुरक्षा में सुधार और ट्रैफिक संचालन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें किसी भी राज्य के औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है.
गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण सामग्री, डिजाइन और कार्य पद्धति की सख्त निगरानी के आदेश दिए. उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्यों के सैंपल नियमित रूप से लैब में भेजा जाए और रिपोर्ट के आधार पर ही पेमेंट का भुगतान हो. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता करने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा. इसके साथ ही, उन्होंने 15 दिनों के भीतर बेलदारों की कंपाइल रिपोर्ट देने के निर्देश दिए और कहा कि सभी कर्मचारी वर्दी पहनकर निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहे.
निर्माण स्थलों का करेंगे निरीक्षण
रणबीर गंगवा ने निर्देश देते हुए कहा कि जिन भवनों या प्रोजेक्ट्स का काम पूरा हो चुका है, उन्हें संबंधित विभागों को जल्द से जल्द सौंपा जाए और निर्माण कार्य पूरा होने पर भुगतान प्रकिया में देरी न हो. वह खुद निर्माण स्थलों का दौरा करेंगे और लापरवाही पाए जाने पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा, सड़कों किनारे टूटे या धुंधले साइन बोर्ड को भी बदलने के निर्देश दिए गए हैं.
