गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सेक्टर- 78 और सेक्टर- 80 के बीच की मुख्य सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ- साथ आधुनिक बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे. गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) द्वारा इस सड़क मार्ग के निर्माण के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा. इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 42 करोड़ रुपए आंकी गई है.
दिल्ली- जयपुर हाइवे से सीधी कनेक्टिविटी
वर्तमान में यह सड़क मार्ग 3 लेन का हैं और ट्रैफिक दबाव तथा जगह- जगह अतिक्रमण के चलते अक्सर लोगों को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. इस रास्ते से रोजाना 35 हजार से ज्यादा वाहन गुजरते हैं जो तावडू से नौरंगपुर होते हुए सीधे दिल्ली- जयपुर हाइवे से जुड़ते हैं. वहीं, मानेसर पुलिस लाइन भी इसी रूट पर पड़ती है.
इस सड़क मार्ग की कुल लंबाई 2300 मीटर और 84 मीटर चौड़ाई प्रस्तावित है. इसमें 44 मीटर हिस्से में 3- 3 लेन की मुख्य सड़क, 2- 2 लेन की सर्विस रोड, फुटपाथ और बरसाती पानी की निकासी के लिए नाला शामिल होगा. शेष हिस्से में सुंदरता बढ़ाने के लिए ग्रीन बेल्ट को विकसित किया जाएगा.
अगले सप्ताह आमंत्रित किए जाएंगे टेंडर
GMDA की प्रवक्ता नेहा शर्मा ने बताया कि है कि इस मुख्य सड़क के निर्माण की DPR के लिए अगले सप्ताह टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे. निर्माण की अनुमानित लागत तय कर ली गई है.
