चंडीगढ़ | 26 व 27 जुलाई को हरियाणा में दूसरी बार CET (संयुक्त पात्रता परीक्षा) 2025 का आयोजन किया गया. परीक्षा 4 चरणों में आयोजित की गई. परीक्षा के बाद सभी उम्मीदवारों को आंसर की का इंतजार है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) परिणाम जारी करने से पहले 6 चरणों में काम करेगा. आयोग द्वारा परीक्षा के बाद ओएमआर (ऑप्टीकल मार्क रिकॉगनिशन) शीट की आंसर की अपलोड की जाएगी.
250 रुपए होगा आपत्ति शुल्क
यदि उम्मीदवारों को किन्हीं प्रश्नों के जवाब को लेकर कोई आपत्ति होगी, तो उन्हें 250 रुपये प्रति आपत्ति शुल्क जमा कराना होगा, यह शुल्क वापस नहीं होगा. HSSC की तरफ से सीईटी को लेकर जारी निर्देशों के मुताबिक निर्धारित अवधि के बाद किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा. आयोग प्रारंभिक आंसर की पर प्राप्त आपत्तियों के निपटान के लिए जरूरत पड़ने पर एक कमेटी बना सकती है. मुख्य परीक्षक या गठित समिति की अनुशंसा के आधार पर आयोग का फैसला ही अंतिम रूप से मान्य होगा.
कंप्यूटर सॉफ्टवेयर से होगा मूल्यांकन
परीक्षार्थियों की OMR शीट का मूल्यांकन मैनुअली के अपेक्षा कंप्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से किया जाएगा. ऐसे में ओएमआर शीट के पुनर्मूल्यांकन की कोई प्रक्रिया अभी तक निर्धारित नहीं है. आयोग यह भी साफ कर चुका है कि इस प्रक्रिया को लेकर तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी, इसलिए तय की गयी अवधि में ही परीक्षार्थियों को प्रक्रिया के अनुसार अपना काम करना होगा.
फिर होगा बायोमेट्रिक
जिन परीक्षार्थियों की पहचान आयोग को संदिग्ध लगेगी उन्हें आयोग फिर से बुला सकता है. ऐसे परीक्षार्थियों की आवश्यकता होने पर बायोमेट्रिक्स डेटा को लेकर फिर से मिलान किया जा सकता है. ऐसे परीक्षार्थियों को आयोग द्वारा पक्ष रखने के लिए बुलाया जाएगा. बायोमेट्रिक (अंगूठे या चेहरे) डेटा के बेमेल होने की स्थिति में आवेदन कैंसिल हो सकता है.
मिलेगा मौका
जो अभ्यर्थी पिछली बार सीईटी में शामिल हुए थे और इस बार भी रजिस्ट्रेशन के बाद परीक्षा दे चुके हैं, उन्हें एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर मर्ज कराने के लिए पोर्टल खोला जाएगा. इसी प्रकार से रिजर्वेशन से जुड़े प्रमाण- पत्रों की खामियों को दूर करने के लिए रिजल्ट घोषित होने से पहले परीक्षार्थियों को चांस मिलेगा. इससे वे फिर से अपने सही प्रमाण-पत्र अपलोड कर पायेंगे. इसके बाद, आयोग द्वारा आगे की प्रक्रिया होगी और परिणाम जारी किया जाएगा.
