पंचकूला | गत 26 और 27 जुलाई को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से संयुक्त पात्रता परीक्षा का आयोजन किया गया. परीक्षा के सफलतापूर्वक आयोजन के बाद एचएसएससी की तरफ से परीक्षा की आंसर की भी जारी की गई. उम्मीदवारों को यदि किसी आंसर में कोई आपत्ति है, तो उसे दर्ज करने के लिए वक्त भी दिया.

आपत्ति दर्ज करवाने का टाइम पीरियड खत्म
ग्रुप- सी की नौकरियों के लिए कराए गए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) की आंसर- की पर आपत्ति दर्ज कराने की समयावधि समाप्त हो चुकी है. अब हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग इन आपत्तियों की डिटेल तैयार करने में लगा है. कहा जा रहा है कि कई ऐसी आपत्तियां हैं, जो एक ही सवाल पर हैं. ऐसे में यह सोमवार तक ही पता चल पाएगा कि कितने प्रश्नों पर कितनी आपत्तियां दर्ज करवाई गयी है. आयोग इन आपत्तियों को विशेषज्ञों की टीम के पास भेजेगा.
अगस्त के अंत तक जारी हो सकता है रिजल्ट
यदि आपत्तियां सही निकलीं तो आंसर- की फिर से जारी की जाएगी. इसके साथ ही इसका लाभ अभ्यर्थियों को दिया जाएगा. सूत्रों के मुताबिक अगस्त के लास्ट तक सीईटी का रिजल्ट घोषित किया जा सकता है. इससे पहले आयोग की तरफ से पोर्टल खोला जाएगा जिसमें अभ्यर्थी अपनी कैटेगरी बदल सकते हैं. जिन उम्मीदवारों के कास्ट सर्टिफिकेट नहीं बन पाए थे और उन्हें सामान्य श्रेणी से आवेदन करना पड़ा था, उन्हें अपने कास्ट सर्टिफिकेट अपलोड करने का एक मौका दिया जा रहा है.
ग्रुप सी सीईटी में रही 92 प्रतिशत उपस्थिति
ग्रुप- डी की नौकरियों के लिए सीईटी अगस्त के अंत या सितंबर के पहले हफ्ते में 3 दिन में 6 सत्रों में कराई जा सकती है. बता दें कि 26 और 27 जुलाई को 13.27 लाख अभ्यर्थियों में से लगभग 92 प्रतिशत ने कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) की परीक्षा दी थी. ग्रुप डी में यह आंकड़ा और भी अधिक हो सकता है