हिसार | हरियाणा में आमतौर पर मानसून सीजन में 17 अगस्त तक 290 एमएम बरसात होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक औसतन 339.5 एमएम बरसात रिकॉर्ड की जा चुकी है. इस प्रकार देखा जाए तो अब तक सामान्य से 13% ज्यादा बरसात दर्ज की गई है. सबसे ज्यादा 752.6 एमएम बरसात यमुनानगर और 562 एमएम बरसात महेंद्रगढ़ में हुई है. सबसे कम बारिश 155.2 एमएम सिरसा में रिकॉर्ड की गई है.
फतेहाबाद, अंबाला, जींद, कैथल, करनाल, पंचकूला, सोनीपत ऐसे 7 जिले रहे जहां सामान्य से कम बरसात रिकॉर्ड की गई.
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ द्वारा ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया गया कि आज सुबह 10:40 मिनट तक पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल में हल्की से मध्यम बरसात की संभावना बनी हुई है. खबर लिखे जाने तक पानीपत और यमुनानगर में तेज बरसात हो रही है. सोनीपत, हिसार, झज्जर, कुरुक्षेत्र का आसमान बादलों से ढका हुआ नजर आ रहा है. सूबे का सिरसा जिला सबसे गर्म बना हुआ है. यहां रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
19 और 20 अगस्त को बरसात के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि 19 अगस्त को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर में 50 से 75% क्षेत्र में बरसात हो सकती है. कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात में 25 से 50% क्षेत्र में और जींद, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी में 25% क्षेत्र में बरसात होने की संभावना है.
20 अगस्त को पंचकूला और यमुनानगर में 50 से 75% क्षेत्र में, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत में 25 से 50% क्षेत्र में और रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, जींद, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी में 25% क्षेत्र में हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं.
21 अगस्त तक बारिश के आसार
21 अगस्त को पंचकूला, यमुनानगर, फरीदाबाद और पलवल में 50 से 75% क्षेत्र में हल्की से मध्यम बरसात के आसार बने हुए हैं. अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, मेवात में 25 से 50% क्षेत्र में और जींद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, सिरसा में 25% क्षेत्र में हल्की बरसात होने की संभावना बनी हुई है.
