चंडीगढ़ | कल यानि सोमवार को हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) के कार्यालय में हिंदी के असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा में शामिल रहे कई जिलों के परीक्षार्थी शिकायत लेकर आए. हिंदी विषय के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा 10 अगस्त को आयोजित हो चुकी है. परीक्षा की आंसर की 23 अगस्त को जारी हुई थी.
मुख्य परीक्षा में शामिल होने से वंचित
परीक्षार्थियों की तरफ से दावा किया गया कि उत्तरकुंजी में गड़बड़ियां हैं और शीघ्रता से जांच नहीं हुई तो परीक्षा में शामिल हुए परीक्षार्थियों के 15 से 20 तक अंक कम होने की संभावना है. इससे परीक्षार्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होने से भी वंचित रह सकते है. लोक सेवा आयोग के पंचकूला के कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंचे फतेहाबाद के डॉ. अभिनव कुमार, कुरुक्षेत्र के डॉ. राजबीर कौल, पानीपत के रविंद्र, रोहतक के दीपक, नारनौल (महेंद्रगढ़) की ममता आदि ने जानकारी दी कि हिंदी असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा की आंसर की को संबंधित पाठ्यक्रम से संबंधित पुस्तकों में देखा गया तो हमें 18 सवालों में बदलाव दिखा और पांच प्रश्न परीक्षा में हटा भी दिए गए.
23 अगस्त को जारी हुई थी फाइनल आंसर की
12 अगस्त को प्रारंभिक आंसर की जारी की गई थी और आपत्तियों के निपटान के बाद आयोग ने 23 अगस्त को फाइनल आंसर की भी जारी कर दी. परीक्षार्थियों का कहना है कि हमने सबूतों के साथ प्रारंभिक उत्तर कुंजी को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई थीं पर फाइनल आंसर की में उनमें बदलाव नहीं किया गया है.
प्रश्न संख्या 22, 35, 44, 60, 65, 78, 95 के उत्तर बदलने चाहिए थे परन्तु उन्हें शिकायतों के बाद भी नहीं बदला गया. इसी प्रकार से प्रश्न संख्या 2, 34, 51, 68, 93 और 100 पहली आंसर की में सही थे, मगर फाइनल आंसर की में इन प्रश्नों के गलत उत्तर दिए गए हैं. मामूली टाइपिंग की गलती के चलते 5 प्रश्नों को हटा दिया गया है जिनमें प्रश्न संख्या 20, 50, 56, 57 और 58 राइट है.
मामले पर लिया जाएगा संज्ञान
परीक्षार्थी आयोग के चेयरमैन आलोक वर्मा से भी मिले और उन्होंने फिर से आंसर की की जांच कराने व विशेषज्ञों की एक समिति गठित करने की मांग की. परीक्षार्थियों का कहना है कि फिर से आंसर की का रिजल्ट जारी किया जाए.
हरियाणा लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष आलोक वर्मा का कहना है कि आयोग पूरी पारदर्शिता से काम कर रहा है. आंसर की भी विशेषज्ञ ही तैयार करते हैं और परीक्षार्थी उस उत्तरकुंजी का अवलोकन करते हैं. परीक्षार्थियों ने मुझे शिकायत दी है और इस प्रकरण का संज्ञान लिया जाएगा. अगर गलत प्रश्न होंगे, तो वह गलत ही माने जाएंगे. यदि सही हैं, तो वह प्रश्न सही कर दिए जाएंगे.
