चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से 26 और 27 जुलाई को संयुक्त पात्रता परीक्षा यानी CET का आयोजन किया गया था. CET परीक्षा 26 और 27 जुलाई को 4 शिफ्ट में आयोजित की गई थी. परीक्षा संपन्न होने के बाद सभी उम्मीदवारों को रिजल्ट का इंतजार है. लगभग 13.5 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे.
कैटेगरी सर्टिफिकेट अपडेट करने का मौका
आयोग की तरफ से कहा गया था की परीक्षा का रिजल्ट जारी होने से पहले उन उम्मीदवारों को अपनी कैटेगरी अपडेट करने का मौका मिलेगा जो रजिस्ट्रेशन के समय सरल पोर्टल से अपने प्रमाण पत्र डाउनलोड नहीं कर पाए थे. इसी वजह से उन्हें जनरल कैटेगरी से रजिस्ट्रेशन करना पड़ा था. इसके लिए सरकार की तरफ से हाईकोर्ट में कहा गया था कि रिजल्ट निकालने से पहले उन्हें अपना सर्टिफिकेट अपडेट करने का अवसर दिया जाएगा.
सभी अभ्यर्थियों को रिजल्ट का इंतजार
मानसून सत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से भी कहा गया था कि यह करेक्शन पोर्टल 1- 2 दिन में खोल दिया जाएगा. मानसून सेशन 27 अगस्त को खत्म हो चुका है, मगर यह करेक्शन पोर्टल अभी तक नहीं खोला गया है. जब तक पोर्टल नहीं खुलेगा तब तक रिजल्ट जारी नहीं हो पायेगा. सभी अभ्यर्थियों को रिजल्ट जारी होने का इंतजार है क्योंकि ग्रुप सी पदों की भर्तियां उसके बाद ही शुरू हो पायेगी. ऐसे में देखना होगा कि कब तक परीक्षा का रिजल्ट जारी किया जाता है और आगे की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाती है.
