कैथल | समूचे हरियाणा सहित देश के लिए जम्मू- कश्मीर से एक बेहद ही दुखदाई खबर सामने आई है. यहां कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में सेना ने 2 आतंकवादियों को मौत की नींद सुला दिया, लेकिन इस कार्रवाई में सेना का एक जवान भी शहीद हो गया. देश के लिए अपने प्राणों की बलि देने वाला जवान हरियाणा के कैथल जिले के गांव रोहेड़ा का लांस नायक नरेंद्र सिंह सिंधु हैं.

7 साल पहले हुआ था भर्ती
पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान जगजीत फौजी ने बताया ने बताया कि 28 वर्षीय नरेंद्र 3 राज राइफल का जांबाज सिपाही था और वह 7 साल पहले ही राज राइफल दिल्ली भर्ती हुआ था. करीब 4 साल पहले उसकी पोस्टिंग राष्ट्रीय राइफल श्रीनगर में हुई थी.
उन्होंने बताया कि रोजाना की तरह वह अपने साथी जवानों के साथ गश्त कर रहे थे और इसी दौरान आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. जवानों की ओर से हुई जवाबी कार्रवाई में नरेंद्र को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद, उन्हें उपचार के लिए श्रीनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
गांव में छाया मातम
नरेंद्र के बलिदान की सूचना गांव में पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया. वहीं, बेटे के बलिदान की सूचना मिलते ही बुजुर्ग माता- पिता का रो- रोकर बुरा हाल हो गया है. उन्होंने बताया कि शहीद नरेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार मंगलवार, यानि आज राष्ट्रीय सम्मान के साथ उनके पैतृक रोहेड़ा में किया जायेगा.