नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के 3 लैंडफिल साइट में से एक भलस्वा साइट का निरीक्षण करने पहुंचे केंद्रीय उर्जा एवं शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि तीनों लैंडफिल साइट पर कार्यरत सभी कर्मचारियों को दिवाली पर्व से पहले 5- 5 हजार रुपए बोनस दिया जाएगा. खट्टर ने कहा कि उन्होंने इस जगह की सफाई की व्यक्तिगत जिम्मेदारी ली है. वहीं, दिल्ली सरकार से इसमें तेजी लाने के लिए संबंधित संगठनों के साथ सक्रिय रूप से सहयोग करने की अपील की गई है.
कर्मचारियों के हित में 2 बड़े फैसले
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत दिल्ली के 3 लैंडफिल स्थलों भलस्वा, गाजीपुर और ओखला पर काम करने वाले कर्मचारियों के हित में 2 बड़े फैसले लिए गए हैं. चाहे वे एमसीडी कर्मचारी हो, सफाई कर्मचारी या फिर ड्राइवर हो. सभी को दिवाली बोनस के रूप में 5- 5 हजार रुपए का लाभ मिलेगा.
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी ने ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के माध्यम से राष्ट्रसेवा की एक नई राह प्रशस्त की है। आज उनके जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में स्वच्छता एवं सेवा के अनेक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।
आज #SwachhataHiSeva2025 के दौरान दिल्ली की तीनों लैंडफिल साइट्स पर… pic.twitter.com/u3N7NxYVfi
— Manohar Lal (@mlkhattar) September 17, 2025
उन्होंने बताया कि प्रत्येक कर्मचारी को दिवाली से पहले 5 हजार रुपए स्पेशल बोनस दिया जाएगा. उनके लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की जाएगी. खट्टर ने बताया कि 25 एकड़ जमीन पहले साफ कर दी गई है. इसमें से 5 एकड़ जमीन पर बॉस लगाए गए हैं और 20 एकड़ जमीन सफाई कार्यों के लिए इस्तेमाल की जा रही है.
राष्ट्र सेवा का नया मार्ग
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपलोड की गई एक पोस्ट में केंद्रीय उर्जा एवं शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने लिखा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के माध्यम से राष्ट्र सेवा का नया मार्ग प्रशस्त किया है. आज उनके जन्मदिन के शुभ अवसर पर देशभर में स्वच्छता और सेवा पर केंद्रित कई कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है.
