हिसार | हरियाणा के हिसार जिले में रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यदि आप भी हिसार से दिल्ली के लिए ट्रेन से सफर करते हैं, तो एक बार इस खबर को ध्यान से पढ़ लें अन्यथा बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने हिसार- दिल्ली के बीच संचालित होने वाली ट्रेन के समय में बदलाव कर दिया है.
2 अक्टूबर से लागू हुआ बदलाव
उत्तर रेलवे ने परिचालन कारणों से ट्रेन नंबर 54310, हिसार-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन की समय- सारणी में बदलाव कर दिया है. यह बदलाव 2 अक्टूबर से लागू हो चुका है. उत्तर पश्चिम रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यह ट्रेन नंगल मुंडी स्टेशन तक पहले की तरह निर्धारित समय- सारणी से चलेगी, लेकिन रेवाड़ी जंक्शन से दिल्ली जंक्शन के बीच आने वाले स्टेशनों पर इसका समय लगभग 25 से 30 मिनट तक बदल जायेगा.
निर्धारित समय पर पहुंचेंगी दिल्ली
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि समय- सारणी में बदलाव के बावजूद यह ट्रेन दिल्ली जंक्शन पर अपने निर्धारित समय 14:05 बजे ही पहुंचेगी. उन्होंने यात्रियों से आग्रह करते हुए कहा कि वे यात्रा पर जाने से पहले नई समय- सारणी की जानकारी हासिल कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके. यह समय संशोधन ट्रेन के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक है.
