खुशखबरी: दिल्ली से रेवाड़ी के बावल तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन

रेवाड़ी | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में शामिल शहरों में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में हरियाणा सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाते हुए नमो भारत ट्रेन के पहले चरण में दिल्ली से रेवाड़ी के बावल तक मंजूरी प्रदान कर दी है.

Rapidx Train

पहले नमो भारत ट्रेन के संचालन की योजना दिल्ली से धारूहेड़ा तक बनाई गई थी, लेकिन अब इसका बावल तक विस्तार कर दिया गया है. सूबे की नायब सैनी सरकार के इस फैसले से यात्रियों की सुविधा में इजाफा होगा और उनके लिए सार्वजनिक परिवहन की दृष्टि से यह ट्रेन बेहद फायदेमंद साबित होगी.

सफर में बचेगा समय

पहले चरण में नमो भारत ट्रेन का संचालन दिल्ली से गुरुग्राम होते हुए राजस्थान के शाहजहांपुर तक किया जाएगा. इससे यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी के रूप में एक और तेज गति का विकल्प मिलेगा. उनकी यात्रा के समय में कमी आएगी.

हरियाणा रैपिड मेट्रो ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTC) ने इस बदलाव की योजना के सिलसिले में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) को पत्र लिख दिया है. केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पहले यह योजना धारूहेड़ा तक थी, लेकिन अब इसे बावल तक बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की गई. 18 सितंबर को आयोजित बैठक में राव इंद्रजीत ने इस योजना पर आपत्ति जताई थी. उन्होंने आग्रह किया कि नमो भारत ट्रेन का संचालन हरियाणा- राजस्थान बॉर्डर तक स्थित बावल क्षेत्र तक किया जाए. इसके लिए उन्होंने केंद्रीय शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर को भी पत्र लिखा था.

यह भी पढ़े -  दिल्ली जल बोर्ड का बड़ा फैसला, पानी की सप्लाई को लेकर बनेगी नई नीति

बावल तक विस्तार को मंजूरी

गुरुग्राम से बीजेपी सांसद एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह की आपत्ति पर 26 सितंबर को HMRTC के प्रबंध निदेशक डॉ चंद्रशेखर खरे ने NCRTC को पत्र लिखकर नमो भारत ट्रेन का संचालन धारूहेड़ा की बजाय बावल तक विस्तार को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है.

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि रेवाड़ी का बावल हरियाणा का एक बड़ा इंडस्ट्रियल एरिया हैं, जो नमो भारत ट्रेन के संचालन के लिए महत्वपूर्ण है. यहां दिल्ली और गुरुग्राम से बड़ी संख्या में लोग विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में काम करने के लिए आवाजाही करते हैं. ऐसे में तीव्र गति की ट्रेन की सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें फायदा पहुंचेगा.

इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन

दिल्ली में सराय काले खां, INA, मुनिरका, एरो सिटी में नमो भारत ट्रेन के स्टेशन बनाए जाएंगे. वहीं, गुरुग्राम में साईबर सिटी, इफको चौक, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, खेड़की दौला, मानेसर, पंचगांव और बिलासपुर चौक पर स्टेशन बनेंगे. रेवाड़ी जिले में धारूहेड़ा, रेवाड़ी और बावल में स्टेशन होंगे. गुरुग्राम में 4 जगहों पर अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.