नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सड़कों से ट्रैफिक जाम कम करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में कश्मीरी गेट ISBT के पास लगातार बन रही ट्रैफिक जाम की स्थिति को दूर करने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने दोहरी प्लानिंग बनाई है. टर्मिनल के निकास बिंदु के पास एक फ्लाईओवर या अंडरपास निर्माण की योजना है. विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस योजना पर अध्ययन के लिए एक सलाहकार की नियुक्ति कर जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा.
फ्लाईओवर या अंडरपास निर्माण की योजना
PWD के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कश्मीरी गेट ISBT के सामने की सड़क पर लगातार बसों का आवागमन, पैदल यात्रियों की संख्या में इजाफा और व्यस्त व्यवसायिक क्षेत्रों की नजदीकी ट्रैफिक के लिए एक बड़ी बाधा बन चुका है जिसके चलते ट्रैफिक जाम से निपटना एक चुनौती हो गया है.
उन्होंने बताया कि कश्मीरी गेट पर ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान ढूंढने के लिए हम बसों के निकास बिंदु से 100 मीटर की दूरी पर एक फ्लाईओवर निर्माण की योजना बना रहे हैं. यह युधिष्ठिर सेतु फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेगा या फिर एक अंडरपास बनाया जाएगा जो मेटकाफ हाउस रेड लाइट के पास खत्म होगा. इसके लिए अध्ययन किया जायेगा. उन्होंने कहा कि इससे ISBT की ओर न जाने वाले ट्रैफिक को बांटने में मदद मिलेगी. आखिरी फैसला अध्ययन रिपोर्ट के बाद ही लिया जाएगा.
स्थाई समाधान के प्रयास जारी
इस सड़क मार्ग पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए पहले भी कई तरह के उपाय किए गए हैं. कोई दीर्घकालिक समाधान लागू नहीं किया गया है. ऐसे में स्थिति जस की तस बनी हुई है. लोक निर्माण विभाग अब इस सड़क मार्ग पर फ्लाईओवर या अंडरपास निर्माण के जरिए ट्रैफिक जाम की जकड़न से छुटकारा दिलाने के लिए प्रयास कर रहा है.
