नई दिल्ली | त्यौहारी सीजन पर केंद्रीय कर्मचारियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि सरकार ने सामान्य भविष्य निधि (GPF) और उससे जुड़े अन्य फंड्स पर ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है. वित्त मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025- 26 की तीसरी तिमाही (1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2025) के लिए GPF पर ब्याज दर 7.1% बनी रहेगी. सरकारी कर्मचारियों को इस तिमाही में भी पहले जैसी ब्याज दर पर ही लाभ मिलेगा.

क्या होता है GPF?
जीपीएफ एक अनिवार्य बचत योजना है, जो केंद्र और राज्य सरकार के स्थायी कर्मचारियों के लिए होती है. इसका उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है. इसमें कर्मचारी अपनी मासिक वेतन का एक निश्चित हिस्सा (आमतौर पर कम से कम 6%) अपने GPF खाते में जमा करते हैं.
सरकार इस जमा राशि पर तिमाही आधार पर तय ब्याज दर देती है. यह योजना पूरी तरह सुरक्षित है और सरकार द्वारा गारंटीकृत होती है. GPF की ब्याज दरों की समीक्षा हर तीन महीने (प्रत्येक तिमाही) में की जाती हैं. इसके लिए वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग की ओर से अधिसचना जारी की जाती है.
इन फंड्स पर लागू रहेगी ब्याज दर
GPF और इससे जुड़े फंड्स के अलावा अंशदायी भविष्य निधि (भारत), अखिल भारतीय सेवा भविष्य निधि, राज्य रेलवे भविष्य निधि, रक्षा सेवा अधिकारी भविष्य निधि और सामान्य भविष्य निधि (रक्षा सेवाएं) पर भी 7.1% ब्याज दर लागू रहेगी.