पलवल | दिल्ली- NCR क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली- आगरा हाइवे पर निर्मित बघौला फ्लाईओवर पर पलवल से दिल्ली की ओर जाने वाली लाइन को भी खोल दिया गया है. वहीं, दिल्ली से पलवल जाने वाली लाइन को दिवाली से पहले खोला गया था. अब दोनों साइड की लाईन खुलने पर वाहन इस फ्लाईओवर पर रफ्तार भरते नजर आएंगे.
4 जगहों पर बनाए गए अंडरपास
दिल्ली- आगरा हाइवे पर निर्मित करीब 2 किलोमीटर लंबा बघौला फ्लाईओवर सबसे बड़ा फ्लाईओवर माना गया है. इसमें 4 जगहों नूर ब्रह्म कंपनी, जनौली मोड़, कौशल विकास विश्वविद्यालय मोड़ और देवली मोड़ पर अंडरपास का निर्माण किया गया है. इस फ्लाईओवर के शुरू होने पर न केवल ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा बल्कि औद्योगिक विकास भी रफ्तार पकड़ेगा.
बड़े स्तर पर मिलेगी राहत
नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने बताया कि फ्लाईओवर पर अभी कुछ काम शेष बचा हुआ है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा. दूसरी लाइन को खोला गया है. बता दें कि दिल्ली- आगरा हाइवे पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते लोगों को लंबे समय से ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ रहा था. कुछ मिनटों के सफर में एक घंटे तक का समय लग रहा था.
सर्विस रोड गढ्ढों में तब्दील हो चुकी थी जिसके चलते दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता था. अब फ्लाईओवर पर दोनों ओर ट्रैफिक शुरू होने पर बड़े स्तर पर लोगों को राहत पहुंचेगी. दिल्ली की ओर जाना हो या फिर पलवल की ओर, दोनों दिशाओं में फ्लाईओवर से गुजरने की शुरुआत हो गई है.
