नई दिल्ली | राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम मंदिर (Khatushyam Temple) से श्रद्धालुओं के लिए एक जरूरी सूचना सामने आई है. यदि आप भी खाटूश्याम धाम जाने की योजना बना रहे हैं, तो एक बार इस खबर को ध्यान से पढ़ लें. श्री श्याम मंदिर कमेटी प्रबंधन ने जानकारी दी है कि 27 अक्टूबर को हारे के सहारे बाबा श्याम के दर्शन नहीं हो पाएंगे क्योंकि इस दिन बाबा श्याम का तिलक और विशेष पूजा- अर्चना की जाएगी.
19 घंटे बंद रहेंगे कपाट
मंदिर कमेटी की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि 26 अक्टूबर की रात 10 बजे से लेकर 27 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक खाटूश्याम मंदिर के कपाट बंद रहेंगे. यानि कुल 19 घंटे तक श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन नहीं होंगे. शाम 5 बजे के बाद ही श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन कर पाएंगे.
देवउठनी एकादशी यानि बाबा श्याम का जन्मोत्सव इस बार बेहद धूमधाम से मनाया जायेगा. इस दिन संध्या आरती के दौरान छप्पन भोग का आयोजन होगा और मंदिर को भव्य फूलों व रोशनी से सजाया जाएगा. मंदिर प्रशासन ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी तोरण द्वार के पास आतिशबाजी की जायेगी. लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन को पहुंचते हैं, ऐसे में व्यवस्थाओं को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुबह के दर्शनों को स्थगित कर दिया है.
जानिए अवधि
- एकादशी तिथि आरंभ: 1 नवंबर, सुबह 9:11 बजे
- एकादशी तिथि समाप्त: 2 नवंबर, सुबह 7:31 बजे
- व्रत एवं जन्मोत्सव: 1 नवंबर, शनिवार
