नई दिल्ली | देशभर में सड़क नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में खाटूश्याम श्रद्धालुओं और दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर यात्रा करने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. राजस्थान की BJP सरकार एक और मेगा सड़क प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर रही है, जिसके तहत कोटपूतली से किशनगढ़ तक करीब 181 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाएगा.
6906 करोड़ रुपए आएगी लागत
सिक्स लेन के इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद जयपुर से दिल्ली का सफर और ज्यादा आरामदायक हो जाएगा. खाटूश्याम मंदिर जाने की यात्रा के समय में बचत आएगी. यह एक्सप्रेसवे नीम का थाना के गांवड़ी क्षेत्र से होकर गुजरेगा. दिसंबर महीने से इस सड़क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है.
इन जगहों से गुजरेगा एक्सप्रेसवे
यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे कोटपूतली, मकराना, नावां, रुपनगढ़, कुचामनसिटी, रेनवाल, खाटू श्यामजी, रींगस, पलसाना, खंडेला, पचकोडिया, अणतपुरा, डयोढ़ी-कोड़ी, जैतपुरा, रोजड़ी, आकोदा, नरैना और दूदू से होते हुए किशनगढ़ तक पहुंचेगा.
NH- 48 का मिलेगा विकल्प
सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर ली गई है. आने वाले समय में यह नया एक्सप्रेसवे NH- 48 का विकल्प बनेगा. इसके शुरू होने पर इस हाइवे से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी. इस एक्सप्रेसवे से न केवल खाटूश्याम श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी, बल्कि राजस्थान में पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी रफ्तार मिलेगी.
