नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में केंद्रीय शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक बड़ी खुशखबरी सुनाई है. गुरुग्राम में आयोजित तीन दिवसीय 18वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मलेन एवं प्रदर्शन के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने यह जानकारी साझा की है.
इन शहरों के बीच चलेगी ट्रेन
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि दिल्ली के सराय काले खां से वाया गुरुग्राम होते हुए रेवाड़ी के बावल तक नमो भारत ट्रेन चलाई जाएगी. उन्होंने बताया कि बावल तक नमो भारत ट्रेन के निर्माण की योजना अंतिम चरण में है. दूसरे चरण में इसका राजस्थान के अलवर तक विस्तार किया जाएगा. इसके अलावा, दिल्ली के सराय काले खां से हरियाणा के करनाल तक नमो भारत ट्रेन के संचालन की योजना बनाई गई है. वहीं, देश के बड़े शहरों में शुमार मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरू को भी नमो भारत ट्रेन के जरिए आपस में जोड़ा जाएगा.
गुरुग्राम में बनेगा कन्वेंशन सेंटर
केंद्रीय शहरी मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि दिल्ली के द्वारका में निर्मित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर की तर्ज पर मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में भी कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा. इस सेंटर को बनाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने हेतु सीएम नायब सैनी से आग्रह किया जाएगा. हरियाणा सरकार से केवल जमीन चाहिए. कन्वेंशन सेंटर तैयार करने पर होने वाले खर्च को केंद्र सरकार वहन करेगी. उन्होंने गुरुग्राम में कन्वेंशन सेंटर के निर्माण को समय की जरूरत बताया.
मेट्रो में होगी लग्जरी बोगियां
मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन सेवा को और ज्यादा बेहतर बनाने के लिए मेट्रो में आर्थिक रूप से सम्पन्न लोगों के लिए लग्जरी बोगी की व्यवस्था की जाएगी. इसमें किराया भले ही ज्यादा होगा, लेकिन सुविधाओं का लाभ भी ज्यादा मिलेगा. इस संबंध में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को दिशा- निर्देश दिए गए हैं.
