गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और साईबर सिटी गुरुग्राम के बीच ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुग्राम से दिल्ली में एंट्री करने से पहले ही शंकर चौक और सिरहौल बार्डर पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को खत्म करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में भी कई बदलाव कर इस समस्या के समाधान का तरीका खोजा जा रहा है.
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि शंकर चौक पर दिल्ली जाने वाली दिशा में एक नया ट्रायल शुरू किया जाएगा. उन्होंने बताया कि दिल्ली- गुरुग्राम हाइवे से रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है, लेकिन शंकर चौक पर अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती हैं. खासकर पीक आवर्स के दौरान कुछ मिनटों का सफर घंटों में बदल जाता है. इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए शंकर चौक पर ट्रैफिक ट्रायल की योजना बनाई गई है. एंबियंस मॉल के पास इस तरह का ट्रायल सफल रहा है, तो यहां भी इसी उम्मीद से इसे लागू किया जाएगा.
यह रहेगा संभावित ट्रायल
- साईबर सिटी गुरुग्राम से दिल्ली जाने वाले वाहन शंकर चौक से सीधा जा सकेंगे. यदि उन्हें जयपुर जाना है तो पहले वाले रास्ते से जा सकेंगे.
- जयपुर से दिल्ली जाने वाले वाहन भी सीधे जा सकेंगे. अगर किसी वाहन चालक को यू- टर्न लेना है, तो वह शंकर चौक के आखिरी में हाईवे के नीचे से यू- टर्न ले सकते हैं. अभी यह यू- टर्न बंद पड़ा है.
- उद्योग विहार डूंडाहेड़ा की तरफ से वाहन सीधे दिल्ली जा सकेंगे. अगर किसी वाहन चालक को गुरुग्राम या फिर जयपुर की तरफ जाना है तो एंबिएंस माल के अंडरपास का इस्तेमाल करना होगा.
- शंकर चौक से दिल्ली की तरफ अलग- अलग लेन भी बनाई जा सकती है.
पैदल यात्रियों के लिए खुशखबरी
शंकर चौक पर साइबर सिटी से उद्योग विहार की तरफ बनाया जा रहा सब- वे पैदल यात्रियों के लिए खोल दिया गया है. अब यात्री इस अंडरपास से दूसरी ओर जा सकेंगे और उन्हें जान हथेली पर रखकर सड़क क्रॉस नहीं करनी पड़ेगी. इससे वाहन चालकों को भी ब्रेक लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति से निपटने में मदद मिलेगी.
