चंडीगढ़, HSSC | हरियाणा के सभी सरकारी विभागों, बोर्ड निगमों और स्वायत्त संस्थानों में ग्रुप सी व डी पदों के लिए सीईटी को अनिवार्य किया गया है. इसके लिए प्रदेश में 26 व 27 जुलाई को ग्रुप सी के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) आयोजित हुई थी. अभी तक परीक्षा का परिणाम जारी नहीं हुआ है. प्रदेश के सभी सरकारी विभागों, बोर्ड निगमों और स्वायत्त संस्थानों में ग्रुप सी के पदों को भरने की तैयारी की जा रही है.
अपलोड करना होगा डाटा
रिजल्ट घोषित करने की तैयारियों के बीच सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के पोर्टल पर 15 नवंबर तक मांगपत्र अपलोड कर दें. मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के आदेश के अनुसार, पूर्व अग्निवीरों के पदों को छोड़कर ग्रुप सी के सभी खाली पदों की नई भर्ती और वापस ली गई मांगों (रिक्विजिशन) को पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करना होगा. इसे लेकर लेटर जारी किया गया है.
जल्द खत्म होगा इंतजार
लेटर में कहा गया है कि राज्य सरकार द्वारा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (ग्रुप- सी एवं ग्रुप- डी की भर्ती प्रक्रिया) नियम- 2025 अधिसूचित किए गए हैं. सभी विभागों को संबंधित सेवा नियमों में निर्दिष्ट पात्रता मानदंडों का पालन करते हुए अपने रिक्त ग्रुप- सी पदों की मांग तय ड्राफ्ट में भेजनी होती है. जुलाई में आयोजित सीईटी में शामिल हुए लगभग साढ़े 12 लाख युवाओं का इंतजार अब समाप्त होने वाला है.
भर्ती विज्ञापन संभावित
जैसे ही रिजल्ट घोषित होगा 10 हजार से ज्यादा पदों के लिए भर्ती विज्ञापन निकाला जा सकता है. इनमें 15 श्रेणियों के 8653 पद भी शामिल हैं, जिनका भर्ती विज्ञापन आयोग की तरफ से जुलाई में वापस ले लिया गया था. इनमें 5600 पुलिस सिपाही, श्रेणी 390- 392 में 1075 पद, 393- 395 में 517 पद, श्रेणी 396 में 246, श्रेणी 376 के 65, 19 के 212 व 225 के 367 पद, 226- 228 के 16 पद शामिल हैं.
