भिवानी | हरियाणा में 30 व 31 जुलाई 2025 को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा- 2024 (HTET) का आयोजन किया गया था. जो भी परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हुए थे उन्हें बता दें कि अध्यापक पात्रता परीक्षा- 2024 लेवल- 1, 2 व 3 का परीक्षा परिणाम सोमवार को जारी कर दिया गया है. यह बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड हो चुका है. सभी अपना रिजल्ट बोर्ड की ऑफिसियल वेबसाइट के जरिए चेक कर सकते हैं.
इस बार का परीक्षा परिणाम
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) द्वारा आयोजित इस परीक्षा का परिणाम 2022 के बाद सबसे कम रहा. इस बार का परीक्षा परिणाम 13.93 प्रतिशत रहा. वर्ष 2022 में यह 14.45 और 2023 में 14.49 प्रतिशत रहा था. बोर्ड अध्यक्ष प्रो. पवन कुमार ने जानकारी दी कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा में कुल 3,35,076 अभ्यर्थी शामिल हुए थे.
सिर्फ 9.6 प्रतिशत उम्मीदवार ही सफल
इन उम्मीदवारों में से करीबन 47 हजार उम्मीदवार परीक्षा में पास हुए हैं. लेवल- 1 यानी प्राइमरी टीचर व लेवल- 2 यानी ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर में क्रमशः 16.2 व 16.4% विद्यार्थी सफल हुए. वहीं, लेवल- 3 यानी पोस्ट ग्रेजुएट टीचर की परीक्षा में सिर्फ 9.6 प्रतिशत उम्मीदवार ही सफल हुए हैं.
19 तक करें आवेदन
बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी अपनी ओएमआर शीट हासिल करने के लिए 19 नवंबर तक ई- मेल आईडी OMRHTET2024@GMAIL.COM के जरिये आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के बाद अभ्यर्थी को गेटवे पेमेंट का लिंक भेज दिया जाएगा. ओएमआर शीट के लिए 100 रुपए शुल्क चुकाना होगा. रिजल्ट अपलोड करने या किसी अन्य तकनीकी खामी होने की स्थिति में बोर्ड को परिणाम वापस लेने का पूरा अधिकार होगा. एचटेट तीनों लेवल की परीक्षा की रिवाइज्ड आंसर की बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड हो चुकी है.
कब होगा HTET 2025?
बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि 2025 का एचटेट दिसंबर या जनवरी महीने में करवाया जाएगा. इसके लिए जल्दी ही बोर्ड निदेशक मंडल की मीटिंग बुलाई जाएगी. दिसंबर या जनवरी महीने में अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को देखते हुए इसके बारे में ऐलान किया जाएगा.
