सोनीपत | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Transport Department) द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सोनीपत जिले से यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां गांव जाट जोशी के पास जीटी रोड के साथ 9.43 एकड़ भूमि पर नए बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा. इसको रोडवेज मुख्यालय ने मंजूरी दे दी है. आधुनिक सुविधाओं से लैस इस बस स्टैंड का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा.
17 करोड़ रुपए होंगे खर्च
साल 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने लोगों की मांग पर सोनीपत में नए बस स्टैंड के निर्माण की घोषणा की थी. उसके बाद गांव जाट जोशी के पास अत्याधुनिक बस स्टैंड बनाने का रास्ता साफ हो गया था. 16 मार्च 2017 को रोहतक मंडलायुक्त के साथ हुई जिला प्रशासन की बैठक में भूमि के रेट तय किए गए थे. 9.43 एकड़ जमीन के लिए करीब 17 करोड़ रुपये तय किए गए थे. इसके बाद, नगर निगम को इस जमीन के लिए रोडवेज की ओर से पैसा जारी कर दिया था. सीएम नायब सैनी ने 17 मार्च 2025 को विधानसभा में पेश किए गए बजट में सोनीपत बस स्टैंड को बनाने की घोषणा की थी.
इससे पहले विधायक से लेकर अन्य अधिकारी प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण कर चुके हैं. जाट जोशी के पास बस अड्डा बनाने के लिए महाप्रबंधक स्तर पर खुद ड्राइंग तैयार कराई जाएगी. बस अड्डे के साथ ही कर्मशाला परिसर भी बनाया जाएगा. जीटी रोड पर बस स्टैंड बनने से बसों को शहर की भीड़- भाड़ भरी सड़कों पर आने से छुटकारा मिलेगा. इससे शहर में ट्रैफिक जाम कम करने में मदद मिलेगी.
सुविधाओं में इजाफा
नए बस स्टैंड के बनने से दिल्ली से आवाजाही करने वाली लंबी दूरी की बसें अब जीटी रोड स्थित बस स्टैंड पर रुक सकेंगी. अभी बस स्टैंड शहर के अंदर होने से बसें सीधी जीटी रोड से निकल जाती हैं. बसों के हाईवे से निकल जाने से शहर के अंदर ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी.
सोनीपत के यात्रियों को और नए रूट मिलेंगे. गांव जाट जोशी के पास जीटी रोड के साथ बस स्टैंड बनाने को मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है. लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से ड्राइंग तैयार कराई जाएगी. बजट जारी होने के बाद नए साल में बस अड्डे के निर्माण की आधारशिला रखवाई जाएगी- संजय कुमार, महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज
