चंडीगढ़, Haryana Weather | हरियाणा में ठंड का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है इसी के चलते मौसम विभाग ने 2 दिन गहरी धुंध पड़ने का अलर्ट जारी किया है. हरियाणा के 10 शहरों में पहले ही यलो अलर्ट जारी किया जा चुका है. दक्षिण हरियाणा के अधिकतर इलाकों में धुंध पड़ेगी. इसमें रेवाड़ी, महेन्द्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, भिवानी, झज्जर और रोहतक जिले शामिल है.
तापमान में गिरावट
उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर हो रही बर्फबारी का असर हिसार जिले में देखने को मिल रहा है. हिसार शहर का रात का तापमान लगातार सामान्य से कम चल रहा है. प्रदेश में कैथल सबसे ज्यादा ठंडा जिला रहा है.दूसरे नंबर पर हिसार रहा है. हिसार का गुरुवार को अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा. पिछले 24 घंटे में यह 0.8 डिग्री सेल्सियस घट गया. रात का तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो पिछले 24 घंटे में 0.9 डिग्री सेल्सियस घटकर 4.4 डिग्री सेल्सियस सामान्य से कम रहा.
आगे जाने मौसम का हाल
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से केवल उत्तरी पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होगी. 28 नवंबर के दौरान हरियाणा में कहीं कहीं आंशिक बादलवाई देखने को मिलेगी, जिससे संपूर्ण इलाके में तापमान में हल्का उतार- चढ़ाव देखने को मिलेगा. मैदानी राज्यों में अभी मौसम आमतौर पर शुष्क और साफ बना हुआ है. अभी किसी सक्रिय मौसम प्रणाली का असर नहीं होने से अभी वातावरण में नमी नहीं है.
