नई दिल्ली | भारतीय रेलवे (Indian Railways) में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि ट्रेन में सफर के दौरान अब आपको यदि नकद धनराशि चाहिए, तो इसके लिए चिंता करने की जरूरत नहीं होगी. रेलवे ने इसके लिए ‘एटीएम ऑन व्हील्स’ सुविधा की शुरुआत कर दी है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को चलती ट्रेन में नकद धनराशि की सुविधा प्रदान करना और रेलवे की गैर- भाड़ा इनकम को बढ़ाना है.

इस ट्रेन से शुरूआत
पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इस सुविधा की शुरुआत महाराष्ट्र के मनमाड- सीएसएमटी पंचवटी एक्सप्रेस ट्रेन से की गई है. यदि प्रोजेक्ट सफल रहा तो इसी रूट से गुजरने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस, एलटीटी एक्सप्रेस, एंग एक्सप्रेस और अमरनाथ एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों में भी इस सुविधा को शुरू किया जाएगा.
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि एटीएम ऑन व्हील्स की सुविधा ट्रेन के मिनी- पैंट्री को बदलकर स्थापित की गई है. इसे चलती ट्रेन के दौरान होने वाली कंपन से बचाने के लिए रबर पैड और बोल्ट का इस्तेमाल किया गया है. सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए इसके पास दो फायर एग्जिंग्विशर भी लगाए गए हैं. रेलवे की इस पहल से यात्रियों को सफर के दौरान अचानक नकदी की आवश्यकता पड़ने पर काफी राहत पहुंचेगी.
भारतीय रेलवे का सुविधाएं बढ़ाने पर जोर
मालदा डिवीजन के पीआरओ रसराज माजी ने बताया कि कभी-कभी कोई यात्री बिना टिकट के सफर करते हुए पकड़ा जाता है और उसके पास जुर्माने का भुगतान करने के लिए नकद धनराशि नहीं होती है. ऐसे में चलती ट्रेन में एटीएम की सुविधा से खाते से पैसे निकाल कर जुर्माना भरा जा सकेगा.
उन्होंने बताया कि रेलवे लगातार आधुनिकीकरण और नवाचार की दिशा में काम कर रहा है. स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है. अत्याधुनिक कोचों से लैस ट्रेनों को संचालित किया जा रहा है और सुरक्षित संचालन के लिए नई सुरक्षा प्रणाली को अपनाया गया है. यह पहल यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ डिजिटल इंडिया की दिशा में भी रेलवे का एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.