नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में बाहरी दिल्ली से सेंट्रल और नॉर्थ दिल्ली के इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन तक 20 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा. पूरी तरह से सिग्नल फ्री इस कॉरिडोर के लिए तैयार हो रही डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) अब फाइनल चरण में पहुंच चुकी है.
भीतरी दिल्ली जाना होगा आसान
इस कॉरिडोर के निर्माण के लिए प्रेम बाड़ी पुल के पास शालीमार बाग एपी ब्लॉक की ओर जाने वाली नागेश नर्दा रोड को चौड़ा किया जा रहा है. मुनक नहर पर बनने वाले कॉरिडोर की DPR भी तैयार होने की कगार पर है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर बाहरी दिल्ली से दिल्ली के भीतर कई इलाकों तक आवागमन करना बेहद आसान हो जाएगा.
रिंग रोड से मिलेगी कनेक्टिविटी
यहां करीब 350 मीटर तक रोड़ को चौड़ा किया जाएगा और इसे सीधे रिंग रोड से कनेक्टिविटी दी जाएगी. प्रेम प्रेम बाड़ी पुल के पास ही जिस मुनक नहर पर एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण होना है, उसके उस हिस्से की लेवलिंग भी की जा रही है, ताकि नीचे टू- लेन की सड़क और एलिवेटेड कॉरिडोर के पिलर के फाउंडेशन तैयार हो सकें.
मुनक नहर पर बनने वाले कॉरिडोर के लिए फिलहाल जिस हिस्से में पिलर खड़े किए जाएंगे, वहां लेवलिंग का कार्य प्रगति पर है. इस कॉरिडोर का कैरिजवे फोरलेन होगा और नीचे टू- लेन सड़क बनाई जायेगी. इसके साथ ही, बवाना औद्योगिक क्षेत्र, बादली, खेड़ा खुर्द, डीटीयू, शालीमार बाग के पास आउटर रिंग रोड और रिंग रोड के पास प्रेम बाड़ी पुल पर रैंप बनाए जाएंगे.
