चंडीगढ़ | हरियाणा में सर्द मौसम ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है और लगातार बढ़ रही ठंड से ठिठुरन बढ़ती जा रही है. तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है. उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में जारी बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों पर ज्यादा नजर आने लगा है. इसी के साथ अब दिन में भी ठंडी तेज हवाएं चलना शुरु हो गई है और रात के तापमान में गिरावट जारी है. कुछ स्थानों पर सुबह के समय हल्की धुंध भी नजर आ रही है.
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को हिसार शहर का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम रहा. जबकि रात का तापमान 4.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम रहा. शनिवार को हरियाणा में सबसे ज्यादा ठंडी रात नारनौल में 3.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दर्ज की गई हैं. नारनौल के बाद प्रदेश में सबसे ठंडा हिसार रहा है.
आगे जानें मौसम का हाल
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कही- कही बादलवाही देखने को मिली है, जिस कारण से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई. रात के तापमान में हल्का उतार चढ़ाव 8 दिसंबर तक देखने को मिलेगा. इसके बाद, यह मौसम प्रणाली संपूर्ण इलाके से आगे निकल जाएगी.
कोल्ड वेव की संभावना
9 व 10 दिसंबर को उत्तरी बर्फीली सर्द हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने 9 व 10 दिसंबर के लिए कोल्ड वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया हुआ है. आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना है. IMD ने रविवार को लेकर भी हरियाणा व पंजाब में येलो अलर्ट जारी कर दिया है, जिसमें कोल्ड वेव चलने की संभावना जताई है.
