हरियाणा की पुलिस भर्ती में विज्ञापित पदों के 10 गुना उम्मीदवार होंगे शॉर्टलिस्ट, कैबिनेट मीटिंग में मिली मंजूरी

चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रिमंडल की बैठक हुई. इस मीटिंग में हरियाणा पुलिस में सिपाही और सब- इंस्पेक्टर के पदों पर सीधी भर्ती के लिए पंजाब पुलिस नियम, 1934 में संशोधन को मंजूरी दी गई है. अब इन नियमों को पंजाब पुलिस (हरियाणा संशोधन) नियम, 2025 के रूप में अधिसूचित किया जाएगा.

Home Guard Police

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कैबिनेट मीटिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सिपाही और सब इंस्पेक्टर की डायरेक्ट भर्ती में अब लिखित परीक्षा (नॉलेज टेस्ट) के लिए 10 गुना को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा.

उम्मीदवारों को  किया जाएगा शॉर्टलिस्ट

पहले 4 गुना को ही शॉर्टलिस्ट करने का प्रावधान किया गया था. अब लिखित परीक्षा की वेटेज 97 प्रतिशत की होगी, जबकि पहले यह 94.5 प्रतिशत थी. एनसीसी के लिए अधिकतम तीन अंक मिलेंगे. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि पंजाब पुलिस नियम, 1934 के नियम 12.16 को संशोधित किया गया है. मौजूदा उप- नियम (8) को प्रतिस्थापित करते हुए यह प्रावधान किया गया है कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग शारीरिक मापन परीक्षण (पीएमटी) और शारीरिक स्क्रीनिंग परीक्षण (पीएसटी) में पास उम्मीदवारों में से हर श्रेणी के विज्ञापित पदों की संख्या से 10 गुना उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करेगा, जिन्हें नॉलेज टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा.

इस तरह मिलेंगे NCC के नंबर

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इंस्पेक्टर की सीधी भर्ती के लिए बताया कि सिपाही और सब नियमों में उप- नियम (10) को भी प्रतिस्थापित किया गया है. नए प्रावधान के अनुसार, एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को अतिरिक्त वेटेज दिया जाएगा, जिसमें ए ग्रेड सर्टिफिकेट पर 1 अंक, बी सर्टिफिकेट पर 2 अंक, सी सर्टिफिकेट पर 3 अंक दिए जाएंगे. यह प्रावधान पहले भी लागू था.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 33 नए नायब तहसीलदारों की हुई नियुक्ति

इस प्रकार होगा 97 प्रतिशत वेटेज का नॉलेज टेस्ट

मुख्यमंत्री ने बताया कि नॉलेज टेस्ट में 97 प्रतिशत वेटेज होगा और यह वस्तुनिष्ठ, बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगा, जिसमें हर सवाल के लिए समान अंक मिलेगा. परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित होगी, सिवाय उन स्थितियों के जब हिंदी/ अंग्रेजी भाषा के ज्ञान का परीक्षण किया जाना हो. प्रश्न पत्र में सामान्य अध्ययन, सामान्य विज्ञान, करंट अफेयर्स, सामान्य तर्कशक्ति, मानसिक योग्यता, संख्यात्मक क्षमता, कृषि, पशुपालन तथा संबंधित क्षेत्रों या ट्रेड्स से जुड़े प्रश्न पूछे जायेंगे.

लेने होंगे इतने अंक

कम से कम 10 प्रतिशत प्रश्न बेसिक कंप्यूटर ज्ञान से जुड़े होंगे और कम से कम 20 प्रतिशत प्रश्न हरियाणा के मूलभूत ज्ञान से संबंधित होंगे. प्रश्नों का स्तर शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप रहेगा, कॉन्स्टेबल के लिए 10+2 और सब- इंस्पेक्टर के लिए स्नातक स्तर निर्धारित है. सामान्य श्रेणी के पदों के लिए चयन के लिए नॉलेज टेस्ट में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा. आरक्षित श्रेणी (वर्टिकल या हॉरिजॉन्टल) के उम्मीदवारों को 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, जिससे उनके लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक हासिलकरना जरूरी होगा.

Avatar of Deepika Bhardwaj
Deepika Bhardwaj
View all posts

मेरा नाम दीपिका भारद्वाज है. पिछले साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar वेबसाइट पर राइटर का काम कर रही हूँ. मैं यहाँ हरियाणा व दिल्ली में निकली सरकारी और प्राइवेट नौकरी से जुड़ी जानकारी साझा कर रही हूँ.