नई दिल्ली | राजस्थान के दौसा का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मेहंदीपुर बालाजी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत हो गई है. हेलीकॉप्टर सेवा के तहत श्रद्धालु दिल्ली, जयपुर और दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे से मेहंदीपुर बालाजी तक की यात्रा कर सकेंगे. हेलीकॉप्टर सुविधा दौसा जिला प्रशासन एवं पर्यटन मंत्रालय के आग्रह पर शुरू की गई है.
हवाई यात्रा से होंगे प्रमुख धामों के दर्शन
इस नई सुविधा के शुरू होने से अब श्रद्धालुओं के लिए मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करना आसान हो जाएगा. जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार ने बताया कि मेहंदीपुर बालाजी ‘पंच गौरव’ योजना में शामिल है. हेलीकॉप्टर सेवा से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और राजस्व में सुधार होगा. जिला प्रशासन ने कंपनी के साथ एमओयू किया है, जिसके तहत हर लैंडिंग पर पंचायत को 5 हजार रुपए शुल्क मिलेगा. भविष्य में दौसा के अन्य धार्मिक स्थल जैसे आभानेरी बावड़ी, झाझी रामपुरा और पपलाज माता मंदिर को भी इस सेवा में जोड़ा जाएगा.
पहली हेलीकॉप्टर राइड में विधायक भी शामिल
हेलीकॉप्टर की पहली उड़ान दिल्ली से मेहंदीपुर बालाजी पहुंची. इस पहली उड़ान में 5 सदस्यों ने यात्रा की, जिनमें बांदीकुई विधायक भागचंद टाकडा, लालसोट विधायक रामविलास मीणा, महवा विधायक राजेंद्र मीणा और सिकराय विधायक बंसीलाल भी शामिल थे. इन सभी ने मेहंदीपुर बालाजी धाम पर फूलों से वर्षा की.
हवाई सेवा संचालित करने वाली कंपनी के मनोज कुमार ने बताया कि पिनान से मेहंदीपुर बालाजी की प्रत्येक राइड में 5 यात्रियों के लिए शुल्क 36 हजार रूपए तय किया गया है. कंपनी की तरफ से यह सेवा दिल्ली, जयपुर, दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे जैसे प्रमुख स्थानों से सीधी हवाई कनेक्विटी प्रदान करेगी.
