फरीदाबाद | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में आधा दर्जन जिलों के 17 गांवों के क्षेत्र को तहसील और सब तहसील में ट्रांसफर किए जाने को मंजूरी प्रदान की गई है. इसमें फरीदाबाद जिले के 5 सेक्टर भी शामिल हैं. यहां सेक्टर- 15, 15A और 16A क्षेत्र को फरीदाबाद तहसील और 21A और 21B को बड़खल में शामिल करने को सरकार की मंजूरी दी गई है.
नजदीक मिलेगा जनसुविधाओं का लाभ
फरीदाबाद जिला उपायुक्त द्वारा इन इलाकों के ट्रांसफर के लिए भौगोलिक दूरी और प्रशासनिक सुविधाओं को लेकर प्रदेश सरकार के पास रिपोर्ट भेजी गई थी, जिसके आधार पर मंत्रिमंडल की बैठक में इसे मंजूरी दी गई है. जिला प्रशासन ने बताया कि इससे लोगों को अपने आसपास जनसुविधाओं का लाभ मिलेगा.
प्रदेश सरकार के इस बड़े कदम से लोगों को न केवल जनसुविधाओं का पहले से बेहतर लाभ मिलेगा, बल्कि प्रशासनिक क्षमता में भी सुधार देखने को मिलेगा. इससे सुशासन के स्तर पर बेहतर तालमेल के साथ बुनियादी सुविधाओं की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित हो सकेगी. बता दें कि राज्यस्तरीय री- ऑर्गेनाइजेशन कमेटी ने अलग- अलग 3 बैठकों में इन जिलों के गांवों को सब- तहसील/ तहसील से दूसरी तहसील/सब- तहसील में ट्रांसफर करने की सिफारिश की थी.
इन जिलों के गांवों की बदली गई तहसील
फरीदाबाद जिले के अलावा बाकी हरियाणा में सिरसा जिले के 9, झज्जर जिले के 3 और रेवाड़ी- महेंद्रगढ़ जिले के एक- एक गांवों की तहसील बदलने को कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई है.
