पंचकूला | मेडिकल सेवाओं से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. अब आपको DNA जांच रिपोर्ट के लिए 24 या 72 घंटों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा. जी हां, मोहाली स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च यानी आइसर के सहयोग से इंडोक्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक जिम्मी भांबरा की टीम ने एक ऐसी किट तैयार की हैं, जिसकी बदौलत आपको मात्र 45 मिनट में डीएनए टेस्ट की रिपोर्ट मिल जाएगी. वैज्ञानिकों द्वारा इस किट को पंचकूला में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल में पेश किया गया है.
इस विशेष किट को आइसर की लैब में तैयार किया गया है. इसके तहत, सैंपल तैयार करने के लिए इन्नो एक्सट्रैक्ट (तरल रूप) और लैब के काम के लिए विशेष यंत्र (इंस्ट्रूमेंट) विकसित किए गए हैं, जो चंद मिनटों में डीऑक्सीराइबोन्यूक्लिक एसिड (DNA) जांच की रिपोर्ट दे देंगे.
ऐसे काम करती है नई तकनीक
आइसर टीम के सदस्य सचिन वर्मा ने बताया कि अभी तक खून के सैंपल लेने के बाद डीएनए निकालने के लिए 13 से 14 जांच की जाती है जिसमें 4 से छह घंटे का समय लग जाता है. इस नई तकनीक में खून से डीएनए निकालने के लिए इन्नो एक्सट्रैक्ट यानी तरल रूप का इस्तेमाल किया जाता है. इसके तहत 10 मिनट के अंदर दो से तीन बार जांच करने के बाद ही डीएनए अलग हो जाएगा.
इससे पहले जांच के लिए डीएनए सैंपल को लैब जाना पड़ता था. वहां डीएनए को एक निश्चित तापमान (-40 डिग्री सेल्सियस) में रखा जाता है. निर्धारित तापमान पर आने के बाद इसकी जांच होती हैं, जिसमें 12- 15 घंटे का समय लगता है. लेकिन अब नई तकनीक से लैब का काम नए यंत्र से मात्र 15 मिनट में पूरा होगा. इस तरह ये पूरी प्रक्रिया 30 मिनट से लेकर 45 मिनट तक रहेगी.
उन्होंने बताया कि वर्तमान में बाजार में मौजूद मशीन की कीमत करीब 20 लाख रुपए हैं और डीएनए टेस्ट के लिए 800 से 1 हजार रुपए लिए जाते हैं, लेकिन उनकी टीम द्वारा तैयार की गई. इस मशीन की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपए हैं और टेस्ट भी 300 से 400 रुपए में हो सकेगा.
मोबाइल पर मिलेगी रिपोर्ट
सचिन वर्मा ने बताया कि उनके द्वारा तैयार किट्स को रूम टेंपरेचर में रखा जा सकता है, किसी रेफ्रिजरेटर/ फ्रीजर की आवश्यकता भी नहीं पड़ती. बताया कि इन सभी जटिलताओं के मद्देनजर किट्स को तैयार किया गया है.
ये मशीन और किट 100% स्वदेशी हैं और कोई भी चीज विदेश से इंपोर्ट नहीं की गई है. इस मशीन से होने वाले सभी टेस्ट की रिपोर्ट मोबाइल फोन पर मिल जायेगी. इस किट को केवल सूर्य की रोशनी से बचाकर रखना होगा. इस मशीन को जितना मर्जी कमरें में रख लिया जाए, कल्चर में कोई बदलाव नहीं आएगा. कंपनी एक पेटेंट ले चुकी है, जबकि अन्य 3 पेटेंट के लिए काम किया जा रहा है.
